तरावड़ी। शहर की सबसे व्यस्त सड़क पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया। उससे गुजर रहा चावला से भरा भारी ट्राॅला फंस गया। हादसा सुबह के व्यस्त समय में हुआ लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉले का पिछला हिस्सा अचानक धंसी हुई सड़क में फंस गया। मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। मालिक भी पहुंच गया। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से ट्रॉला बाहर निकाला गया। आसपास के लोगों ने बताया कि सड़क के नीचे की सीवरेज लाइन बिछाई गई है और उसके बाद सड़क की मरम्मत का काम नहीं हुआ। इसी वजह से जमीन धीरे-धीरे कमजोर हो गई थी और सड़क धंसी।
इस सड़क पर आए दिन फंस रहे वाहनों के कारण शहर की बुनियादी सुविधाओं और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि हादसा सिर्फ ट्राले तक सीमित रहा और कोई जान का नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने संबंधित पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा है कि यह सड़क काफी समय से जर्जर हालत में थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों की मांग है कि सड़क की पूरी जांच कराकर जल्द से जल्द उसे दुरुस्त किया जाए।