करनाल। हरियाणा-यूपी बॉर्डर स्थित शेरगढ़ टापू गांव के नजदीक गैस सिलिंडरों से भरे एक ट्रक में मंगलवार दोपहर को अचानक आग लग गई। ट्रक का केबिन जलकर राख हो गया। आग लगने के तुरंत बाद चालक टीनू नीचे कूद गया। करनाल और उत्तर प्रदेश की गाड़ियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। ट्रक सहारनपुर से गैस के खाली सिलिंडर लेकर कोहंड की ओर जा रहा था। गैस प्लांट गुढा में खाली सिलिंडर पहुंचाने थे।
मंगलवार को ट्रक चालक टीनू उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से 360 खाली सिलिंडर लेकर करनाल की ओर आ रहा था। ट्रक जैसे ही यूपी-हरियाणा सीमा में शेरगढ़ टापू गांव के पास पहुंचा तो अचानक उसके केबिन से धुआं उठने लगा। चालक ने ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया। केबिन से कूदकर बाहर आ गए। कुछ ही देर में केबिन आग की लपटों में घिर गया।
ट्रक चालक टीनू ने बताया कि अगर आग पीछे तक पहुंच जाती तो सिलिंडरों में भी आग लग सकती थी। खाली सिलेंडरों में भी थोड़ी गैस बची रहती है, जिससे बड़ा विस्फोट हो सकता था। आग की सूचना के बाद हरियाणा और यूपी की दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। उन्होंने बताया कि केबिन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ था। इससे ही आग लगी। हादसे में ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है।