- निदेशक डॉ. एमके गर्ग बोले- नौ करोड़ से कार्डियोलॉजी और कार्डियोथोरेसिक सर्जरी यूनिट भी होगी स्थापित
जितेंद्र नरवाल
करनाल। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में जल्द करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक बहुमंजिला क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण होगा। जिससे ट्रॉमा सेंटर और आईसीयू का दबाव कम होगा और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। वहीं, जिले के मरीजों को जटिल हृदय रोगों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज में ही नौ करोड़ की लागत से अत्याधुनिक कार्डियोलॉजी और कार्डियोथोरेसिक सर्जरी यूनिट स्थापित की जाएगी। जहां ओपन हार्ट सर्जरी, एंजियोप्लास्टी, बाईपास सर्जरी, वॉल्व रिप्लेसमेंट जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. एमके गर्ग ने विशेष बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की ये दोनों यूनिटें चिकित्सा के क्षेत्र में काफी असरदार साबित होंगी। इससे गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों की जान बचाई जा सकेगी। उन्हें दूसरे मेडिकल संस्थानों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। निदेशक बनने के बाद डॉ. गर्ग ने इस कॉलेज में कई नई सेवाओं और शैक्षणिक सुधारों की शुरुआत की है। इनमें पीजी कोर्सेस की शुरुआत की जा चुकी है। पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी और रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागों की स्थापना हो चुकी है। स्किन डर्मेटोलॉजी और कैंसर टेस्टिंग सुविधाएं शुरू कराना भी शामिल रहा हैं। सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं की तैयारियां भी की जा चुकी हैं।
डॉ. गर्ग ने वर्ष 1980 में रोहतक से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू की थी। नवंबर 2023 में उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज का निदेशक नियुक्त किया गया था। उनकी पत्नी डॉ. उमा गर्ग राजकीय मेडिकल कॉलेज, खानपुर में ईएनटी विभाग की अध्यक्ष हैं। डॉ. गर्ग बताते हैं कि तीन बच्चों का पालन-पोषण, पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ मिलकर निभाना बड़ी चुनौती रहा। उस समय न तो कोई कुक था, न ही घरेलू सहायक। सब कुछ खुद करना पड़ता था। इसके बावजूद उन्होंने परिवार और पेशे दोनों में संतुलन बनाए रखा। नतीजन आज तीनों बच्चे सफल हैं।