माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अमेरिका भेजने के नाम पर किसान से 48 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। किसान ने जमीन बेचकर रुपये दिए थे। आरोपी सहपाठी एजेंट ने अमेरिका के बजाय अलग-अलग देशों में भेजने के लिए रवाना किया, हर बार फर्जी वीजा थमाए तो रास्ते में जांच के दौरान पकड़े जाने पर वापस भेजा गया। तरावड़ी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव रमान-रमानी के किसान राजेश कुमार ने बताया कि उनके गांव के ही हरविंद्र सिंह और उसकी पत्नी हरबंस कौर ने तरावड़ी मंडी में विदेश भेजने के काम करने के लिए कार्यालय खोला हुआ है। आरोपी हरविंद्र उनके स्कूल में सहपाठी भी रहे हैं। ऐसे में हरविंद्र सिंह के कहने पर उन्होंने भरोसा कर लिया। आरोपी ने उन्हें अमेरिका भेजने का झांसा देकर 48 लाख रुपये ले लिए। 2023 में यह राशि उन्होंने अपनी 12 कनाल खेतीबाड़ी की कुछ जमीन बेचकर व कुछ उनके पास गिरवी रखकर दी थी। इसके बाद आरोपी ने उन्हें विदेश भेजने का दावा किया और उनकी जमीन अपने नाम करवा ली।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने उन्हें आठ जून 2023 को पहले इंग्लैंड के लिए रवाना किया, लेकिन फर्जी वीजा होने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से ही वापस भेज दिया गया। 27 जून को दोबारा भेजने का प्रयास किया, मगर सिंगापुर एयरपोर्ट से डिपोर्ट कर दिया गया। फिर 9 अगस्त को मस्कट, 26 अक्टूबर को तुर्की और 2 नवंबर को उज्बेकिस्तान भेजने के नाम पर भी ठगा गया। हर बार फर्जी वीजा पकड़ा दिया और उसे एयरपोर्ट से लौटा दिया गया। आखिरी बार 25 जून 2025 को आरोपी ने राजेश को इटली भेजने का दावा किया, जहां वह मैक्सिको सिटी तक पहुंच गया लेकिन 18 जुलाई 2025 को उसे वहां से भी डिपोर्ट कर दिया गया। तरावड़ी थाना के जांच अधिकारी कर्मबीर सिंह ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।