करनाल। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर युवती द्वारा दोस्ती करने के बहाने कुछ दिन पहले बैंक कर्मी के साथ 1.16 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। निसिंग थाना पुलिस ने दो महिलाओं सहित 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों ने मां-बेटी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को रामनगर निवासी एचडीएफसी बैंक कर्मी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। जिसमें कहा गया था कि 4 जुलाई को फेसबुक पर एक युवती ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। इसके बाद लड़की ने उसे निसिंग के एक होटल में बुला लिया। होटल के अंदर ले जाने लगे तो उसे शक हुआ और वह अंदर नहीं गया। तभी युवती के पांच अन्य साथी आ गए, जिनमें चार युवक व एक महिला थी। उन्होंने उसके साथ मारपीट कर तीन लाख रुपये मांगने लगे। जब उसने यह रकम देने में असमर्थता जाहिर की तो आरोपियों ने उसकी गर्दन पर सुआ रखकर गूगल-पे से 76400 रुपये ट्रांसफर करा लिए। फिर एक नहर के पास ले जाकर उसके बैग में रखे 40 हजार रुपये भी ले लिए। इसके बाद झूठे मामले में फंसाने व जान से मारने की धमकी देकर आल्टो कार में भाग गए।
पुलिस ने जांच शुरू की तो 11 जुलाई को चार आरोपी रवि निवासी गांव ब्रहामणीवाला थाना कलायत जिला कैथल, रवि निवासी गांव राहडा थाना लाडवा जिला कुरुक्षेत्र, विजय उर्फ बिज्जू निवासी गांव ओगंध (करनाल) व टिंकू निवासी बदनारा थाना पुंडरी (कैथल) को बदनारा मोड़ निसिंग से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से गूगल-पे अकाउंट में ट्रांसफर किए गए रुपयों में 62 हजार व वारदात में प्रयोग की गई एक आल्टो कार बरामद कर ली है।
मां-बेटी के साथ मिलकर बनाई लूटने की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गांव फरल (कैथल) की रहने वाली एक मां-बेटी के साथ मिलकर किसी व्यक्ति को हनी ट्रैप में फंसाकर रुपये हड़पने की योजना बनाई थी। योजना के मुताबिक आरोपियों द्वारा एक लड़की की फर्जी फेसबुक आईडी बनवाकर गांव फरल की रहने वाली लड़की के माध्यम से शिकायतकर्ता के पास पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई। इसके बाद शिकायतकर्ता को बातों में फंसाकर निसिंग के एक होटल के बाहर मिलने के लिए बुलाया। फिर मारपीट कर व उसे झूठे केस मे फंसाने व जान से मारने की धमकी देकर रुपये छीनने की वारदात को अंजाम दिया गया।