माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सेक्टर-7 निवासी बुजुर्ग से एक फर्जी कॉलर ने पंजाब नेशनल बैंक का कर्मचारी बताकर 4,24,500 रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र बंसल ने बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पीएनबी का प्रतिनिधि बताया और क्रेडिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया का हवाला देते हुए उनसे बातचीत शुरू की। बातों-बातों में उसने क्रेडिट कार्ड जारी करने के नाम पर डेबिट कार्ड की पूरी जानकारी ले ली और इंटरनेट बैंकिंग को सक्रिय करने की प्रक्रिया के बहाने उनके मोबाइल स्क्रीन को चालू रखने को कहा। वे कॉल करने वाले की बातों में आ गए और देखते ही देखते उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से दो बार में 4,24,500 रुपये निकाल लिए।
जब तक वे कुछ समझ पाते, उनके साथ बड़ा साइबर फ्रॉड हो चुका था। पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त उन्होंने थाना साइबर क्राइम में भी लिखित शिकायत देकर ठग के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।