संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सीबीआई अधिकारी बनकर साइबर ठग ने एक महिला से 4.91 लाख रुपये ठग लिए। महिला ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में हांसी रोड निवासी चारु ने बताया कि 10 सितंबर को उसके पास एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले राहुल तिवारी नाम के व्यक्ति ने बताया कि आपके आधार कार्ड का प्रयोग एक मोबाइल नंबर खरीदने में किया गया है। इस संबंध में थाना नेहरू प्लेस दिल्ली में एक मामला दर्ज है। आपको नेहरू प्लेस थाना में जाकर अपना पक्ष रखना होगा और एनओसी लेनी होगी।
इसके बाद एक एएसआई सुनील कुमार गौतम के नाम से फोन आया। उसने बताया कि संदीप कुमार ने आपके आधार कार्ड पर लिए मोबाइल नंबर का प्रयोग मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध में किया हुआ है। आरोपी संदीप से करीब 180 आधार कार्ड बरामद किए गए है। इसके बाद सुनील कुमार ने कथित सीबीआई अधिकारी प्रदीप सिंह से वाट्सएप पर बात कराई। उसने कहा कि आपको 48 घंटे ऑनलाइन रहना होगा।
इसके बाद 11 सितंबर को उस सीबीआई अधिकारी ने कहा कि एक बैंक खाते में 4.91 लाख रुपये आरटीजीएस कराने होंगे। यह रुपये कोर्ट में नोटरी के पास जमा होंगे और लीगल जांच के बाद आपके बैंक खाते में वापस आ जाएंगे। उसे व्यक्ति ने कहा कि इस बारे में किसी को मत बताना नहीं तो आपके परिवार को परेशानी उठानी होगी और आपको तीन महीने के लिए जेल जाना होगा। वह यह सुनकर डर गई और उसने 12 सितंबर को 4.91 लाख रुपये उनके बताए हुए बैंक खाते में डाल दिए।