पधाना मोड़ के निकट ओवरब्रिज पर एक कार का अचानक टायर फटने पर वह डिवाइडर से टकराकर नीचे गिर गई। इसमें एक पत्रकार की मौत हो गई, जबकि युवती समेत तीन पत्रकार घायल हो गए। दो घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है और एक घायल युवती का इलाज करनाल के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए ले आए हैं। पुलिस ने बताया कि कार में सवार अरुण, संदीप, नासिर और सौफी वासी अडू शहर केरल के रहने वाले हैं। इनमें अरुण की मौत हो गई है।
तरावड़ी के एसएचओ गौरव पूनिया ने बताया कि कार में चारों पत्रकार केरल स्थित अडू शहर वासी हैं। वह हिमाचल के मनाली से वापस दिल्ली की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि कार सवार मनाली से दिल्ली की ओर जब जा रहे थे तो अचानक तरावड़ी के निकट कार का टायर फट गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पुल के ऊपर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
लोगों ने इस हादसे की सूचना तुरंत तरावड़ी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तरावड़ी थाना के एसएचओ गौरव पूनिया और बाकी पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल हुए अरुण को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज में भेजा गया है। जहां दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। घायल सौफी का इलाज करनाल के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी है।