शाहाबाद। मंगलवार शाम को हुए सड़क हादसे में होमगार्ड जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान ठोल गांव के रहने वाले 42 वर्षीय गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
गुरप्रीत शाहाबाद में ड्यूटी करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नलवी गांव के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से गुरप्रीत सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मोहड़ी के एक निजी अस्पताल में भेज दिया गया, वहां चिकित्सकों ने गुरप्रीत को मृत घोषित कर दिया। गुरप्रीत अपने मां-पिता का इकलौता बेटा था और अपने पीछे पत्नी, 15 वर्षीय बेटा गुरतेग तथा छह वर्षीय बेटी अमृत को छोड़ गए हैं। पुलिस ने पिता के बयान पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है। संवाद