.कलश यात्रा में शामिल महिलाएं। प्रवक्ता
करनाल। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर सोमवार को कुंजपुरा रोड स्थित सनातन धर्म मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहर के चार प्रमुख मंदिरों से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। जो विभिन्न मार्गों से होती हुईं कुंजपुरा रोड स्थित सनातन धर्म मंदिर में संपन्न हुईं। ये यात्रा श्री महाबीर दल मंदिर कुंजपुरा रोड, प्राचीन शिव मंदिर चार चमन, श्री शिव मंदिर सराफा बाजार, श्री दुर्गा मंदिर, पुराना बस स्टैंड मंदिरों से निकाली गई।
कलश यात्राओं की मुख्य विशेषता यह रही कि सभी मंदिरों से लाए गए कलशों में पवित्र गंगाजल भरा हुआ था। सनातन धर्म मंदिर पहुंचने पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने सनातन धर्म मंदिर के पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस मौके पर शिव तांडव और भाषा एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा शिव स्तुति के भजन प्रस्तुत किए गए। इस दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी ने कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों को मंदिर के उद्भव और इतिहास बारे जागरूक किया।
विस अध्यक्ष ने सुनाया 25 साल पुराना किस्सा
इस दौरान विस अध्यक्ष ने 25 साल पुराने गुजरात प्रवास का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि सोमनाथ मंदिर के बाहर 90 वर्षीय एक महिला ने उस समय के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा था कि यही व्यक्ति उनके मंदिरों की रक्षा कर सकता है। विधानसभा अध्यक्ष ने आक्रमणकारियों द्वारा शिवलिंग व मंदिर को खंडित किए जाने के अपमानजनक इतिहास को याद करते हुए आज के बदलते भारत की तुलना की। इससे पहले असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि भारत की संस्कृति व सभ्यता किसी अन्य मुल्क से मेल नहीं खाती।
.कलश यात्रा में शामिल महिलाएं। प्रवक्ता