माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पड़ोसी से सौदा कर उनकी जमीन अपने बेटों के नाम कर करीब 2.70 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत की गई है। करीब 15 कनाल जमीन का 12.10 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ था। आरोपी सवा साल तक रजिस्ट्री की तिथि आगे बढ़ाते रहे। ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ। सेक्टर-32 थाना पुलिस ने विक्रेता और डीलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसपी को दी शिकायत में मनोज ने बताया कि अगस्त, 2024 के पहले सप्ताह में फूसगढ़ निवासी चरण सिंह प्रॉपर्टी डीलर जोगिन्द्र सिंह को साथ लेकर उनके सेक्टर-32 स्थित स्काईविला ऑफिस में आया था। चरण सिंह ने कहा कि उसकी करीब 15 कनाल जमीन उनकी जमीन से लगती है, इसलिए खरीदने पर फायदा रहेगा। दोनों पक्षों की सहमति से 17 अगस्त को 12.10 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ और 1.20 करोड़ रुपये देकर 30 सितंबर 2025 को रजिस्ट्री की तिथि तय करते हुए इकरारनामा किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि मई 2025 के पहले सप्ताह में चरण सिंह ने जरूरत बताते हुए 50 लाख रुपये लिए। इस तरह से कई बार में कुल 2.70 करोड़ रुपये लिए। इसके बाद अलग-अलग कारण बताते हुए 31 दिसंबर, 2025 रजिस्ट्री की नई तारीख तय की गई। दिसंबर, 2025 के पहले सप्ताह में जब मनोज कुमार ने रजिस्ट्री की बात की तो चरण सिंह टालमटोल करने लगा। ग्रामीणों से पता चला कि 30 जून 2025 को रजिस्ट्रेशन नंबर 3351 के जरिये जमीन पारिवारिक हस्तांतरण में बेटे रवि लाठर और हर्ष के नाम कर दी गई है। जब इस बारे में बात की गई तो चरण सिंह अपने भाई बलवान सिंह, शिवदत्त और भतीजे प्रिंस को लेकर उनके कार्यालय में पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान रुपये मांगने पर धमकी दी गई। ब्यूरो