माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कुंजपुरा रोड स्थित आईटीआई के सामने छात्राओं में मारपीट की असल वजह सामने नहीं आ पाई है। संस्थान के अनुसार झगड़े में शामिल छात्राएं अलग-अलग वजह बता रही हैं। जांच के लिए आईटीआई प्रबंधन ने चार अध्यापकों की कमेटी गठित की है। इसमें दो महिला और दो पुरुष अध्यापक हैं। तीन छात्राओं को निलंबित किया जा चुका है। जांच के बाद और कड़ी कार्रवाई हो सकती है। प्रबंधन का कहना है कि कुछ छात्राएं बाहर से भी बुलाने की आशंका है।
छात्राओं में मारपीट की घटना 13 जनवरी की है। सोशल मीडिया पर रविवार को घटना के वीडियो वायरल हुए। इसमें दिखाई दे रहा है कि कुंजपुरा रोड स्थित आईटीआई के सामने कुछ छात्राएं आपस में झगड़ा कर रही हैं। एक-दूसरे को थप्पड़ मार रही हैं। घसीट रही हैं। बेल्ट से पीट रही हैं। झगड़े के दौरान एक छात्रा बेहोश तक हो जाती है। घटना के तीन अलग-अलग वीडियो वायरल हुए थे।
निलंबित छात्रा बोली, बाहर से बुलाई लड़कियां
आईटीआई के प्राचार्य राकेश भाटिया ने बताया कि घटना 13 जनवरी शाम करीब 4 बजे की है। जब हमें वीडियो का पता चला तो छात्राओं की पहचान करनी शुरू की। तीन छात्राओं की पहचान हुई। उनके अभिभावकों को बुलाया गया। पूछताछ की गई। सभी ने झगड़े की अलग-अलग वजह बताईं। मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की है। जांच पूरी होने तक तीन लड़कियों को निलंबित कर दिया है। एक छात्रा का कहना है कि हमलावर दूसरी लड़कियां बाहर से बुलाई गई थीं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच के बाद ही कार्रवाई होगी।