माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। निसिंग थाना क्षेत्र के एक गांव के सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की। शिक्षकों को छात्रा सहमी हुई हालत में मेन गेट पर मिली।
छात्रा के मुताबिक, शौचालय के पास युवक ने 20 रुपये का लालच देकर गलत हरकत की। शोर मचाने पर वह दीवार फांदकर भाग गया। स्कूल इंचार्ज की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राजकीय प्राइमरी स्कूल की इंचार्ज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार को पांचवीं कक्षा की छात्रा मेन गेट पर खड़ी थी। वह घबराई हुई थी। उसके पास चार छात्र-छात्राएं खड़ी थीं। पूछने पर छात्रा ने इंचार्ज को बताया कि वह शौचालय के पास गई थी। वहां एक युवक खड़ा था। उसने 20 रुपये का नोट दिखाकर लालच दिया और गलत हरकत करने लगा। छात्रा डर गई और जोर से चिल्लाते हुए गेट की तरफ भागी। छात्रा की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी स्कूल की दीवार फांदकर भाग चुका था। स्कूल इंचार्ज ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद स्कूल के बच्चों में डर का माहौल है। उन्होंने तुरंत स्कूल के प्रिंसिपल को मामले की जानकारी दी।
आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी की पहचान सतबीर उर्फ गोलू के रूप में हुई। गोलू का पिता स्कूल में चौकीदार है। स्कूल इंचार्ज की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निसिंग थाना के प्रभारी जय भगवान ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। ब्यूरो