राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित नई अनाज मंडी के सामने बुधवार सुबह अचानक एक गाड़ी का टायर फट गया। कार के अचानक रुकने से उसके पीछे आ रही छह गाड़ियां एक के पीछे एक टकरा गईं। इस कारण लंबा जाम लग गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड में करवा कर यातायात चालू करवाया।
मौके पर मौजूद रहे रजनीश, सतीश, राजिंदर आदि ने बताया कि दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रही एक कार का टायर फट गया था। इससे वह सड़क पर रुक गई। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहीं गाड़ियां एक के बाद एक टकराती चली गईं। हादसे में कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। कार चालक नीतिश कुमार ने बताया कि वह पानीपत से करनाल आ रहे थे। आगे अचानक एक कार रुक गई। वह अपनी कार पर नियंत्रण नहीं रख पाए और वह आगे खड़ी कार से टकरा गई।
विज्ञापन
क्रेटा चालक अनुभव शर्मा ने बताया कि वह नोएडा से चंडीगढ़ जा रहे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी को संभाल लिया था, लेकिन पीछे से आ रही गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
बलेनो चालक तुषार ने बताया कि वह लखनऊ से लुधियाना जा रहा था और परिवार भी साथ था। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। टियागो चालक शिवम ने बताया कि उनकी गाड़ी चौथे नंबर पर थी। अचानक आगे चल रही बलेनो ने ब्रेक लगाए, इससे उनकी गाड़ी टकरा गई। उनकी कार में चार लोग सवार थे और वाहन को काफी नुकसान हुआ। हादसे के बाद जाम लग गया। लोगों ने बताया कि दो और कारों की टक्कर हुई थी।