माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/असंध। थाना क्षेत्र असंध के गांव बाहरी में घनी आबादी के बीच एक मकान से पुलिस ने पटाखों का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने मकान से पटाखों से भरी 256 पेटियां जब्त की। पुलिस ने मकान के मालिक गांव नरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पटाखे उसके नहीं हैं, उसने केवल मकान किराये पर दिया था। असंध थाना पुलिस ने मकान मालिक को नामजद करते हुए अन्य चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि उन्हें पटाखों के भंडारण की सूचना मिली थी। टीम गठित कर छापा मारा। इस बार जिला प्रशासन की ओर से बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री, ऑनलाइन मार्केटिंग, पटाखे चलाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया हुआ है। दो दिन पहले ही इस संदर्भ में जिलाधीश उत्तम सिंह ने आदेश जारी किए हैं। उनका कहना है कि जल्द चारों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
जिलाधीश उत्तम सिंह ने पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, नगर निगम आयुक्त, तहसीलदार और बीडीओ को पटाखों की पाबंदी संबंधित आदेशों का सख्ती से पालन कराने के लिए नियुक्त किया है। वे नियमित छापे भी मार सकते हैं।
एक पेटी का वजन है आठ किलो
पुलिस की ओर से जब्त की गई 256 पेटियों में हर एक पेटी का वजन आठ किलो है। इन पेटियों में ब्रॉन्डेड के अलावा अन्य पटाखे भी हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी इन्हें उत्तर प्रदेश से लेकर आए थे। दिवाली से पहले स्टॉल लगाकर या गुप्त रूप से इनकी बिक्री की जानी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि पाबंदी न होने पर पहले भी क्षेत्र में कई बार पटाखों की बिक्री होती रही है।
घर में पटाखों का भंडारण खतरनाक
घर में पटाखों का भंडारण करना काफी खतरनाक है। पूर्व दमकल अधिकारी राजीव का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में पटाखों का भंडारण नहीं करना चाहिए। शाॅर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से एक चिंगारी से बड़ा धमाका हो सकता है। आग लग सकती है। इससे जान और माल का भी नुकसान होता है। पटाखों का भंडारण शहर से बाहर एकांत जगह पर होना चाहिए। यहां पर भी अग्निशमन संयंत्र लगे हों व आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए।