संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा (करनाल)। लिबर्टी के पास बाइक सवार दो युवकों पर दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों ने कांच की बोतल मारकर 50 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सुनेरी थाना कैराना, उत्तर प्रदेश हाल किरायेदार कोहंड निवासी अरसद ने बताया कि वह पिछले दो साल से गांव कोहंड में किराए के मकान में रह रहा है। उसने एक वकील की दुकान किराए पर ली है। जिसमें वह सैलून चलाता है। वह सात नवंबर को घर से 50 हजार रुपये लेकर अपने दोस्त विक्की के साथ बाइक पर सवार होकर घरौंडा मिस्त्री के पास व अन्य सामान लेने के लिए जा रहे थे। उसने अपना बैग विक्की को दे रखा था। वह बाइक चला रहा था। जब वह कोहंड से घरौंडा पहुंचे तो जाम के कारण वे कट से मुड़कर लिबर्टी के आगे से वापस आने लगे। उसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार दो युवक उनके करीब आए और दो कांच की बोतलें मारी। एक बोतल उसके दोस्त के हाथ में लगी जबकि दूसरी उसकी कमर पर लगी। उन्होंने तुरंत अपनी मोटरसाइकिल रोकी। बाइक रुकते ही दोनों युवकों ने उसके दोस्त के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।