फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नवविवाहिता ने लगाया खरीद फरोख्त का आरोप

Wed, 28 Aug 2013 05:36 AM IST
Karnal
विज्ञापन
विज्ञापन
कुरुक्षेत्र। नवविवाहिता ने कुरुक्षेत्र में सोमवार को अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया जब वह ऑटो से निकलकर जोरजोर से चिल्लाने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवविवाहिता और उसके साथ आए उसके व्यक्ति को अपने साथ सुभाष मंडी पुलिस चौकी ले गए। पुलिस ने जांच करने के बाद मामला झांसा पुलिस थाना में भेज दिया। नवविवाहिता ने बताया कि करीब 11 दिन पहले उसे हरिद्वार से बहला फुसलाकर कुरुक्षेत्र लाया और गांव सरायसुखी निवासी बालकराम से शादी कर दी। नवविवाहिता ने बताया कि उसे उसके परिजनों ने 60 हजार रुपये में बेचा है। नवविवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति ने उसके साथ शादी की है वह उसके साथ मारपीट करता है। आज वह दवा लेने के लिए कुरुक्षेत्र आई थी और मौका पाकर अपने घर जाना चाहती थी। उसने बताया कि उसकी पहले बरेली में लव मैरिज हो चुकी है और दो साल का बच्चा भी है। इसे वह अपने परिजनों के पास छोड़कर आई है। वहीं, बालकराम ने बताया कि उसने इस युवती के साथ रजामंदी से ही शादी की है। नवविवाहिता के आरोप निराधार हैं। उन्हाेंने इसे खरीदा नहीं, बल्कि शादी की है। झांसा थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि अभी तक की जांच में नवविवाहिता बार-बार अपने बयान बदल रही है। इतना ही नहीं शादी की जो फोटोग्राफ देखी जा रही है उसमें नवविवाहिता खुशी-खुशी शादी कर रही है। योगेश कुमार के अनुसार अभी आगामी जांच जारी है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


चौरासी कोसी परिक्रमा से प्रतिबंध हटे: अरोड़ा
साधु संतों को गिरफ्तार करने की कड़ी आलोचना
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। इनेलो ने प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने 84 कोसी परिक्रमा प्रतिबंधित किए जाने के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा की। इस प्रतिबंध को तुरंत हटाए जाने की मांग की। अशोक अरोड़ा ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और यहां पर हर धर्म के लोगों को अपनी आस्था अनुसार पूजा-अर्चना करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एक विशेष समुदाय के लोगों को खुश करने के लिए इस यात्रा पर रोक लगाई है, जोकि बहुत गलत काम है और इनेलो यूपी सरकार के इस कदम की भर्त्सना करती है। अशोक अरोड़ा ने कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार के इस गलत फैसले से करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है और सरकार को चाहिए कि वे तुरंत अपनी गलती को सुधारते हुए इस फैसले को वापस ले। उन्होंने कहा कि सरकार को रोक लगाने के बजाय इस यात्रा को पूर्ण सुरक्षा देकर शांतिपूर्वक तरीके से यात्रा स पन्न करवाने का प्रयास करना चाहिए था। इनेलो ने हजारों साधु-संतों और महंतों को बिना किसी कारण गिरफ्तार किए जाने के उत्तरप्रदेश सरकार के फैसले की भी निंदा की।
उन्होंने कहा कि हमारी प्राचीन संस्कृति और परंपरा में साधु-संतों का बेहद आदर और सत्कार किया जाता रहा है। पुराने समय में जब किसी राजा के दरबार में भी कोई साधु अथवा संत आता था तो राजा न सिर्फ उस संत महात्मा को पूरा आदर एवं स मान देता था और अपनी राजगद्दी छोड़कर उस महात्मा के चरण भी स्पर्श किया करता था। उन्होंने कहा कि सरकार को गिरफ्तार किए गए सभी साधु-संतों एवं महंतों को भी अविलंब रिहा करना चाहिए। अशोक अरोड़ा ने कहा कि बिना किसी कारण व बेवजह का टकराव देश हित में नहीं है और उत्तरप्रदेश सरकार को टकराव टालकर पूरे मसले को शांतिपूर्वक तरीके से सुलझाने के प्रयास करने चाहिए।
विज्ञापन

ठगी के मामले में आठ पर केस
कुरुक्षेत्र। दर्रा कलां में जमीनी मामले में धोखाधड़ी करने पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना शहर थानेसर पुलिस को दी अपनी शिकायत में कुलविंद्र सिंह पुत्र दीप सिंह निवासी कृष्णा नगर गामड़ी ने बताया कि धर्मवीर, सुरेंद्र सिंह, संजीव कुमार, राजबीर, ईश्वर निवासी कुरुक्षेत्र और बलविंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और महिंद्र सिंह निवासी कृष्णा नगर गामड़ी ने मिलकर जमीन के मामले में उसके साथ धोखाधड़ी की और जमीन बेच दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। रतगल में नकली सर्टिफिकेट पर डाक्टर की प्रैक्टिस करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर थानेसर में डॉ. ललित कंसल एसएमओ पॉलीक्लीनिक कुरुक्षेत्र ने बताया कि जसमेर सिंह निवासी रतगल गांव रतगल में बिना परमिशन सर्टिफिकेट के दवाएं देता है। सेक्टर सात इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक जगदीश चंद की पुलिस टीम ने डाक्टर की शिकायत पर आरोपी जसमेर सिंह निवासी रतगल को गिरफ्तार कर लिया।
नकदी और गहने चोरी
कुरुक्षेत्र। सेक्टर-तीन कुरुक्षेत्र से के एक घर से 85 हजार रुपये के गहने और नकदी चोरी हो गई। थाना सदर थानेसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में पवन कुमार निवासी सेक्टर तीन ने बताया कि चोरों ने ताला तोड़कर उसके घर से गहने और नकदी चोरी कर ली। वहीं, पुलिस को दी अपनी शिकायत में सिक्योरिटी सुपरवाइजर सुखबीर सिंह ने बताया कि चोरो ने मोबाइल टावरों से चौबीस बैटरी शैल चोरी कर लिए।
दहेज मांगने पर दो पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। मारपीट करने और दहेज मांगने पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना पिहोवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में प्रवीण कुमारी निवासी ईशाक ने बताया कि उसकी शादी अमित निवासी नया गांव, यमुनानगर से हुई थी। शादी के बाद से ही उसके पति अमित और ससुर सुमेर ने दहेज की मांग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
बाइक चोरी में एक गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जा से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शाहाबाद में अनिल कुमार निवासी दीदार नगर कुरुक्षेत्र ने दो अगस्त को शिकायत दर्ज कराई कि चोरो ने मारकंडा मंदिर शाहाबाद से उसकी बाइक चोरी कर ली। थाना शाहाबाद से सहायक उप निरीक्षक सरताज की पुलिस टीम ने अशोक कुमार वासी रोडान माजरा, करनाल को गिरफ्तार कर न्यायालय से एक दिन के पुलिस रिमांड के दौरान मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
फ्लैग: एसडीएम ने दिए अधिकारियों को निर्देश, दो करोड़ का आएगा खर्च
हेडिंग : दिसंबर तक तैयार हो जाएगा भव्य सरस्वती द्वार
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। उपमंडल अधिकारी एचसी भाटिया ने कहा कि हरियाणा के सबसे भव्य सरस्वती द्वार का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इस द्वार पर करीब दो करोड़ का खर्च आएगा। इस पवित्र नगरी को सुंदर बनाने के लिए नगरपालिका के अधिकारियों को सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर ध्यान देना होगा। वे मंगलवार देर शाम अपने कार्यालय में पद भार संभालने के बाद अधिकारियों की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे। एसडीएम एचसी भाटिया ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों को ईमानदारी, मेहनत, लगन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वाह करते हुए निर्धारित समय अवधि में कार्य पूरे करने होंगे। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि समस्या लेकर आने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार की दिक्कत न हो ओर मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सके। एसडीएम ने नगरपालिका और मार्केट कमेटी के अधिकारियों को शहर में सफाई व्यवस्था, सड़कें और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर पूरा ध्यान दें। कमेटी में शीघ्र ही सफाई कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए आउट सोर्सिंग से कर्मचारियों को नियुक्त किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़कों, जन स्वास्थ्य विभाग से पीने के पानी, सिंचाई विभाग से नहरों और ड्रेनों, बिजली विभाग से ट्रांसफार्मरों और सुचारु बिजली व्यवस्था, सीडीपीओ से आंगनबाड़ी, बागवानी विभाग से बागों का ब्यौरा और फूड सप्लाई विभाग से खाद्य सुरक्षा अध्यादेश के बारे मेें बारीकि से जानकारी ली। इस मौके पर डीएसपी नवीन कुमार, नायब तहसीलदार धूप सिंह, नगर पालिका केे चेयरमैन प्रतिनिधि अशोक सिंगला, उपप्रधान अमृतपाल खिल्लन, एआईपीआरओ नरेंद्र सिंह, एसडीओ नवनीत नैन और एसडीओ मदन राणा मौजूद रहे। एसडीएम एचसी भाटिया ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लोगों को राष्ट्रीय खाद्य अध्यादेश का लाभ देना है उनकी सूचियां 20 सितम्बर से पहले तैयार करे ताकि समय रहते इस योजना का लाभ योग्य लाभपात्रों को दिया जा सके। एसडीएम ने कहा कि नगरपालिका के अधिकारी पुलिस विभाग के अधिकारियों से मिलकर चौक और बस स्टैंड के पास रेड लाइट लगाने बारे निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करें।
धमकी देने पर दो लोग काबू
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। गांव धूलगढ़ निवासी एक दंपति को फोन पर अश्लील बातें करने और मना करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपी व्यक्ति अनिल और संदीप निवासी गोहाना के गांव बसाना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। केस के इंचार्ज एएसआई जुगलाल ने बताया कि 25 अगस्त को गांव धूलगढ़ निवासी गुरदयाल दास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि पिछले कई दिनों से उनके मोबाइल फोन पर कोई व्यक्ति दो अलग-अलग नंबराें से फोन कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फोन नंबरों के आधार पर उनकी आईडी निकालकर अनिल और संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।
ताला तोड़कर नकदी और जेवर चुराए
पिहोवा। चोरों ने नंद कालोनी में दिनदहाडे़ एक घर को निशाना बनाकर ताला तोड़ हजारों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चुरा लिए। पुलिस में दर्ज शिकायत में मकान मालिक जोगेंद्र सिंह ने कहा कि वह अपनी पत्नी के साथ घर का ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए। दोपहर को जब वह अपने बेटे को स्कूल की छुट्टी के बाद उसे घर छोड़ने जा रहा था। घर के ताले टूटे थे और घर के अंदर का सारा सामान बिखरा था। जांच करने पर पाया कि घर में रखी नकदी और सोने के आभूषण गायब थे।
चोरों ने नकदी और गहने उड़ाए
बाबैन। चोरों ने सोमवार को दिनदिहाड़े ही बाबैन की निरंकारी कालोनी स्थित मोहन लाल के घर में घुसकर घर में रखे पांच लाख रुपये नकद और लाखों रुपयों के गहने चुरा लिए। इस घटना से पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है। मोहन लाल हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर की नौकरी करते हैं। आज सुबह वह अपनी ड्यूटी पर चले गए। उसके बाद उसकी पत्नी कैलाशो देवी गांव बाबैन में रखे दुर्गा चालीसा के पाठ में भाग लेने चली गई और उसका लड़का हिमांशु स्कूल में चला गया। हिमांशु जब स्कूल से घर आया तो उसने देखा की मकान के दरवाजे खुले हैं और घर में सामान बिखरा है। उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी। मोहन लाल ने बताया कि उसने जमीन की रजिस्ट्री के लिए पांच लाख रुपये घर में रखे थे, जिसे चोर ले गए। उसने बताया कि चोरों ने उनके घर के लाखों रुपये के सोने और चांदी के गहने भी चुरा लिए। चोरी की सूचना मिलने पर बाबैन के थाना प्रभारी सतीश कुमार ने सीन आफ क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। उनका कहना है कि पुलिस जल्दी ही चोरों को काबू करने में सफलता हासिल करेगी।
यूनिवर्सिटी कॉलेज में छात्रा से छेड़छाड़
विद्यार्थियों का आरोप-आउड साइडरों का अड्डा कॉलेज
फीस काउंटर के शेड के नीचे दिखाई प्रिंसिपल की कार
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कालेज में आउड साइडरों ने एक छात्रा से छेड़खानी के बाद मंगलवार को जबरदस्त हंगामा हुआ। आज दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज में हुए इस घटना का समाचार फैलते ही सैकड़ों विद्यार्थी लामबंद हो गए। गुस्साए विद्यार्थियों ने कालेज परिसर में करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा किया और इसके बाद अधिकांश विद्यार्थी कक्षाएं छोड़ कर चले गए। इस घटना के बाद कॉलेज में तैनात केयू के सुरक्षाकर्मियों से भी विद्यार्थियों की झड़प हुई। उधर कालेज परिसर में विद्यार्थियों के हंगामे की सूचना मिलते ही प्रिंसिपल डॉ.केएस आंतिल मौके पर पहुंचे और गुस्साए विद्यार्थियों को शांत करने का प्रयास किया।
डा.आंतिल के समझाने पर विद्यार्थी शांत हुए और प्रिंसिपल के कार्यालय में जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने कॉलेज में आउड साइडर शरारती तत्वों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। पता लगा है कि प्रिंसिपल डॉ.आंतिल ने विद्यार्थियों से जानकारी लेने के बाद दोनों पक्षों को बुलाया था और इनमें से एक पक्ष से माफीनामा भी लिया।
इधर इस हंगामे के बीच दूसरा मामला प्रिंसिपल की मनमानी का भी उठा। कुछ विद्यार्थियों का कहना है कि खुद डा.आंतिल नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। छात्रों ने नाम ने छापने की शर्त पर बताया कि विद्यार्थियों के लिए बनाए गए फीस काउंटर के शेड में पार्किंग हो रही है। पार्किंग करने वाले कोई और नहीं, बल्कि खुद प्रिंसिपल हैं। अन्य वाहन रोजाना इस शेड के नीचे खड़े किए जाते हैं।
दोमंजिला स्कूल से कूद छात्रा, रेफर
स्कूल प्रशासन ने कहा-सीढ़ी से गिरी थी
प्रत्यक्षदर्शियों बोले-आत्महत्या का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो

बाबैन। बाबैन के एक निजी स्कूल में ग्यारहवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा के संदिग्ध हालात में स्कूल की इमारत से कूदकर आत्महत्या के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि आत्महत्या करने की कोशिश के कारणों का पता नहीं लग पाया है। जबकि स्कूल प्रशासन इस घटना को छात्रा के स्कूल की सीढ़ियों से फिसलने का मामला बता रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह छात्रा आज सुबह स्कूल आई थी। स्कूल लगने के कुछ देर बाद वह छात्रा स्कूल के ऊपर चली गई। कुछ देर बाद स्कूल प्रशासन को पता लगा कि यह छात्रा स्कूल के भवन से नीचे गिर गई है। इसे काफी गंभीर चोट लगी थीं। जैसे ही स्कूल प्रशासन को इस घटना की सूचना मिली तो उसके हाथ-पैर फूल गए और तुरंत लड़की को बाबैन के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। लड़की को चोट ज्यादा लगने के कारण बाबैन के डाक्टरों ने उसे तुरंत कुरुक्षेत्र के लिए रेफर कर दिया, परंतु कुरुक्षेत्र के डाक्टरों ने भी लड़की की हालत ज्यादा खराब होने के कारण उसे पीजीआई भेज दिया।

आत्महत्या की कोशिश मात्र अफवाह: प्रिंसिपल
जब इस प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि लड़की को स्कूल की सीढ़ी से पैर फिसलने के कारण चोट लगी है। उन्होंने बताया कि लड़की ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा है और उसने आत्महत्या का कोई प्रयास नहीं किया। उन्होंने कहा कि छात्रा के स्कूल के भवन से छलांग लगाने की बातें मात्र अफवाहों पर आधारित है। जब लड़की के अभिभावकों से संपर्क करने का प्रयास गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। गांव वालों ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य लड़की के साथ ही उसके इलाज के लिए अस्पताल में गए हैं।

लोगों ने की जांच की मांग
क्षेत्र के लोगों ने इसे गंभीर घटना मानते हुए प्रशासन से इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। लोगों का मानना है कि यदि स्कूलों में ऐसी घटनाएं घटेगी तो इससे अन्य बच्चों पर भी बुरा असर पड़ेगा। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इस मामले की गहराई से जांच करे तो इस मामले के कारणों की सच्चाई सामने आ सकती है।
8 वर्षीय लड़की से रेप की कोशिश पर आरोपी को 14 वर्ष की कैद
कुरुक्षेत्र। कोर्ट ने आठ वर्षीय लड़की के साथ रेप की कोशिश और धमकी देने के मामले में 14 साल कैद और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना पिहोवा में चार फरवरी 2013 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि राजेश उर्फ पप्पू निवासी पूजा कालोनी पिहोवा ने उसकी नाबालिग लड़की से रेप करने की कोशिश की और धमकी भी दी। शिकायत मिलते ही थाना पिहवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376/511/506 आईपीसी और पीओसीएसओ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी राजेश को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया। मामला न्यायालय में विचाराधीन था। उप न्यायवादी एसके मितल ने बताया कि मंगलवार को न्यायालय एमएम धोचंक एएसजे कुरुक्षेत्र ने मामले में गवाहाें की सुनवाई के बाद फैसला सुनाया और मामले में राजेश कुमार को दोषी पाया गया। न्यायालय ने दोषी राजेश उर्फ पप्पू निवासी पिहोवा को धारा 506 आईपीसी और 6 पीओसीएसओ एक्ट के तहत दोषी पाए जाने पर 14 साल कैद और एक लाख रुपये अदा करने की सजा सुनाई है।

लड़की भगाने पर चार साल की कैद
कुरुक्षेत्र। नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से ले जाने के मामले में आरोपी को न्यायालय ने चार साल कैद की सजा सुनाई है। आरोपी को धारा 366 आईपीसी के तहत 75 हजार रुपये जुर्माना भी किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 16.09.2012 को थाना पिहोवा में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इंद्रजीत सिंह निवासी हीरा कालोनी बहादुरगढ़ जिला पटियाला उसकी नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला कर ले गया है। थाना पिहोवा पुलिस ने बाद दर्ज मुकदमा आरोपी इंद्रजीत को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया तथा मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन था।
एसके मित्तल उप न्यायावादी ने बताया कि न्यायालय एमएम धोचंक एएसजे ने सुनवाई के बाद मामले में आरोपी इंद्रजीत को दोषी पाया जाने पर चार साल कैद और 75 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है, जबकि इसी मामले में एक महिला को बरी कर दिया।
नशे में मुख्याध्यापक को बंधक बनाया
डीईईओ ने किया अतिथि अध्यापक को निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। गांव गादली में राजकीय माध्यमिक स्कूल के मुख्य अध्यापक को अतिथि अध्यापक ने बंधक बना लिया। हालांकि जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने अतिथि अध्यापक को निलंबित कर दिया है। मंगलवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालय गादली में सुबह की प्रार्थना सभा में स्कूल के मुख्याध्यापक सूरजभान और अतिथि अध्यापक विजय कुमार में किसी बात को लेकर तू तू- मैं-मैं हो गई और उसके बाद वह अतिथि अध्यापक वहां से फरार हो गया और बाद दोपहर लगभग दो बजे वह शराब के नशे में धुत्त होकर आया और मुख्याध्यापक सूरजभान के साथ गालीगलौच करते हुए मारपीट करने लगा और उन्हें धकेलते हुए एक कमरे में जाकर बंधक बना दिया। इसकी सूचना स्कूली बच्चों ने अपने अभिभावकों और गांववासियों को दी। इस पर बच्चों के अभिभावक और गांववासी स्कूल पहुंचे, जहां अतिथि अध्यापक ने उन्हें देखते ही भला बुरा और जातिसूचक शब्द बोलने लगा। गांववालों ने मुख्याध्यापक को बंद कमरे से आजाद कराया। इसी बीच किसी अध्यापक ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन आर्य को घटना की सारी जानकारी दी। इस पर सुमन आर्य तुरंत स्कूल पहुंची और लाडवा थाना को इस घटना की लिखित सूचना दी। जिसपर लाडवा पुलिस गादली स्कूल में पहुंची, परंतु इसी बीच आरोपी अतिथि अध्यापक वहां से फरार होने में कामयाब हो गया। लाडवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और फरार अतिथि अध्यापक की तलाश में छापेमारी की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें