- गांव खेड़ी लांबा में रात्रि प्रवास के लिए पहुंचा जिला प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। गांव खेड़ी लांबा में शुक्रवार शाम को जिला प्रशासन के अधिकारी डीसी चंद्रशेखर के नेतृत्व में रात्रि प्रवास के लिए पहुंचे। शुक्रवार को दिन में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सीधा लाभ पहुंचाया गया। शाम के समय डीसी चंद्रशेखर, एडीसी दिनेश सिंह यादव सहित आला अधिकारियों ने विभागों की ओर से दिन में किए गए कार्यों और लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद गांव में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। लोगों को संबोधित करते हुए डीसी चंद्रशेखर ने कहा है कि समाज में नैतिक मूल्यों में गिरावट के कारण अपराधों में वृद्धि हो रही है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें और उनकी गतिविधियों पर नजर अवश्य रखें।
ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ मिला
खेड़ी लांबा गांव में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में इंदिरा गांधी प्रिय दर्शनी विवाह शगुन योजना के तहत खंड के 21 लाभार्थियों राशि हस्तांतरित की गई। 475 लोगों की स्वास्थ्य जांच और पशुपालन विभाग की ओर से 425 पशुओं का इलाज किया गया। कुल 42 जन्म व मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किए गए। इस दौरान 84 लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस और 30 नए वोट पहचान पत्र के आवेदन स्वीकृत किए गए। वोट पहचान पत्र में शुद्धि के लिए 54 आवेदन भी प्राप्त किए गए। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा 389 पानी के कनेक्शनों को नियमित किया गया। इसके अलावा कई योजनाएं क्रियान्वित की गई।
रात्रि प्रवास में पहली बार:
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार पहली बार मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण केे सचिव राजेंद्र ढांडा भी शिविर में उपस्थित हुए और लोगों को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
एडीसी ने दिया विकास कार्यों का ब्योरा
एडीसी दिनेश सिंह यादव ने ग्राम सभा को संचालित करते हुए गांव में किए जाने वाले कई विकास कार्योें का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने गांव में क्रियान्वित विभिन्न विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए भावी योजनाओं के संदर्भ में भी ग्रामीणों को बताया। उन्होंने ग्रामीणों से लड़की शिक्षा पर विशेष बल देने को कहा।
एसडीएम हवा सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी व नोडल अधिकारी राजेश कोथ ने भी अपने विचारों के माध्यम से ग्रामीणों को अवगत करवाया। इस मौके पर जिला बाल संरक्षण समिति के माध्यम से गांवों में बच्चों के शोषण को रोकने के लिए ग्राम स्तरीय समिति का गठन किया गया। गुरु गोबिंद सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्राचार्य डा. एनके ब्याना, पशुपालन उपनिदेशक डा. मंगला राम, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यवान, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक सुरेंद्र सैनी ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी। डीसी ने कन्या भ्रूण हत्या पर भाषण प्रस्तुत करने वाले छात्र गुरदास और स्वागत गीत प्रस्तुत करने वाली 6 छात्राओं को सम्मानित किया। गांव के सरपंच दर्शन सिंह ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया और गांव के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता आरके गोयल, डीआईओ दीपक खुराना, तहसीलदार कैथल रोशन लाल, कार्यक्रम अधिकारी सरिता चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी जसबीर सिंह, बीडीपीओ शशि रानी, ब्लाक समिति चेयर पर्सन जीतो देवी सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।