कलायत। देश के बड़े शहरों में प्रापर्टी में निवेश करके ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर एक फर्म के माध्यम से सात लोगों ने निवेशकों से लाखों रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद कंपनी को बंद कर दिया गया जिससे निवेशकों में हड़कंप मच गया। पैसे वापसी के लिए कंपनी द्वारा एक निवेशक को लौटाए गए तीन चेक में से दो चेक (जो साढ़े 17 लाख के हैं) नकली निकले। बाद में पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव चौशाला निवासी अशोक ने बताया कि एसवीडी क्राउन हेड लिंक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने एक प्रोजेक्ट तैयार कर लोगों को प्रापर्टी में पैसे लगाने के लिए कहा। कई लोगों से करोड़ों रुपये एकत्रित कर लिए। अशोक ने बताया कि कंपनी द्वारा लोगों को जयपुर, वृंदावन और देहरादून में जमीन देना बताया था तथा विभिन्न जगहों पर प्लाट दिए जाने का सब्जबाग दिखाए। अशोक ने बताया कि जिस कंपनी ने प्रापर्टी का कार्य शुरू किया था उसमें उनके रिश्तेदार भी थे तथा रिश्तेदार होने के नाते उन्होंने शुरू में प्रापर्टी के लिए दस लाख रुपये निवेश किए। अच्छी जगहों पर प्लाट मिलने की उम्मीद में धीरे धीरे रिश्तेदारों और दोस्तों से भी पैसे जमा कर कंपनी के पास 70 लाख रुपये जमा करवा दिए। अशोक ने बताया कि कुछ समय बाद 31 मई को कंपनी को बंद कर दिया और निवेशकों को टरकाना शुरू कर दिया। कंपनी के लोग करीब तीन माह तक पैसों के लिए आनाकानी करते रहे। अशोक ने बताया कि कंपनी के लोगों के पास कई चक्कर लगाने के बाद कंपनी ने उसे नौ लाख रुपये, साढ़े आठ लाख रुपये और पांच लाख रुपये के तीन चेक दिए। इनमें से पांच लाख रुपये का एक चेक बैंक में कैश हो गया लेकिन कंपनी द्वारा दिए गए दूसरे दो चेक नौ लाख और साढ़े 8 लाख रुपये चेक रंगीन फोटो प्रतियां निकलीं। अशोक ने बताया कि इस पर उसने कोर्ट में अपील की। इस पर कोर्ट ने पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए।
इन पर आरोप
पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कंपनी के विध्यांचल अपार्टमेंट पश्चिमी विहार नई दिल्ली निवासी एमडी दिनेश कुमार, डायरेक्टर विनोद कुमार, रोहित छाबड़ा, कैपिटल प्लाजा इंद्र इनक्लेव रोहतक रोड नई दिल्ली निवासी सत्यप्रकाश, फरीदाबाद निवासी छित्तर सिंह, श्याम नगर गोहाना रोड सोनीपत निवासी जवाहर लाल तथा सोनीपत के गांव बुढ़ाना निवासी दीपक कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्जकर जांच आरंभ कर दी है।
वर्जन
कलायत थाना प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।