पानीपत। एसडी एजूकेशन सोसाइटी के त्रिवार्षिक चुनाव के आखिरी दिनों में हाईकोर्ट ने सबकी तैयारियों को करारा झटका दिया है। हाईकोर्ट ने वरिष्ठ सदस्य अरुण गोयल की याचिका को मंजूर करते हुए सोसाइटी एक्ट-2012 के तहत चुनाव कराने का फैसला लिया है और इस मामले में 24 घंटे में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद सोसाइटी के सभी सदस्यों व प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
एसडी एजूकेशन सोसाइटी का त्रिवार्षिक चुनाव 25 नवंबर को निश्चित है। इसमें शुरू से ही गुटबाजी है। राजेंद्र गोयल व रोशन लाल मित्तल गुट एक दूसरे के विरोध में हैं। कई दिनों से सोसाइटी व अन्य शिक्षण संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया सोसाइटी कार्यालय में चल रही है। इसके रिटर्निंग आफिसर एसडीएम अश्वनी मलिक व सहायक रिटर्निंग आफिसर तहसीलदार अश्वनी गंभीर को बनाया गया है। राजेंद्र गोयल गुट 300 सदस्यों पर चुनाव कराने के शुरू से ही विरोध में है। इसके विरोध में वरिष्ठ सदस्य अरुण गोयल ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और सोसाइटी का चुनाव हरियाणा सोसाइटी एक्ट-2012 के तहत कराने की मांग की थी।
24 घंटे में देनी होगी रिपोर्ट
हाईकोर्ट ने अरुण गोयल की याचिका को मंजूर किया है। अरुण गोयल ने चुनाव प्रक्रिया से नाखुश होकर यह याचिका दायर की थी। हाईकोर्ट के निर्देश के तहत महेश ग्रोवर ने चुनाव सोसाइटी एक्ट के अनुसार कराने का फैसला लिया। इसके लिए रिटर्निंग आफिसर को हिदायत दी है। अरुण गोयल के अनुसार सोसाइटी के 301 सदस्य हैं। दूसरे गुट ने अपने हित को देखते हुए दो सदस्यों का त्याग पत्र ले लिया था। नए सोसाइटी एक्ट सदस्यों की संख्या तीन सौ से अधिक होने पर कॉलेजियम के तहत चुनाव कराना होता है। इसमें सभी सदस्य 40 सदस्यों को चुनते हैं और ये सदस्य पदाधिकारियों को चुनेंगे।
93 सदस्यों की सुनवाई 23 को
सोसाइटी के 100 सदस्यों को मान्यता मिलने पर विवादित 93 सदस्यों ने भी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया है। ये सदस्य 2006 में राजेंद्र गोयल गुट द्वारा बनाए गए थे। इनको लोअर व जिला कोर्ट ने अवैध करार दिया था। मानव गोयल गोयल ने याचिका में कहा कि वे इन सौ सदस्यों से पुराने हैं। इनको वोट का अधिकार दिया गया है तो उनको भी यह अधिकार दिया जाए। इस पर हाईकोर्ट ने मित्तल गुट के विजय अग्रवाल को 23 नवंबर को सुनवाई पर पहुंचने के आदेश दिए हैं।
शेर, उगते सूरज व तराजू का निशान
एसडी एजूकेशन सोसाइटी के 25 नवंबर को प्रस्तावित चुनाव की तैयारियां पूरी हो गई है। रिटर्निंग आफिसर एसडीएम अश्वनी मलिक ने मंगलवार को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह दे दिया। इसमें राजेंद्र गोयल गुट को शेर व मित्तल गुट को उगते सूरज का चुनाव चिन्ह मिला है। उम्मीदवार प्रदीप तायल को तराजू का निशान मिला है।