लाडवा। मंगेतर के साथ छेड़खानी करने पर लाडवा में डेहा समुदाय के दो गुट रविवार को भिड़ गए। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों समुदाय के लोगों ने एक दूसरे पर ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला बोल दिया। दो घंटे तक दोनों गुटों के बीच भिड़ंत जारी रही। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही मामला शांत हुआ। झगड़े में दोनों गुटों के आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों गुटों की पंचायत चल रही है, जिसके चलते पुलिस ने भी कोई मामला दर्ज नहीं किया है। लाडवा सेंट्रल बैंक के पीछे रह रहे डेहा समुदाय के दो गुटों में रविवार को झगड़ा हो गया। झगड़ा लड़की के साथ छेड़खानी पर हुआ। एक गुट के संजीद का दूसरे गुट की लड़की से रिश्ता तय किया गया था। आरोपी ने रविवार को मंगेतर के साथ छेड़खानी कर दी, इस कारण लड़की के गुट के लोग भड़क गए और दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के लोगों ने एक दूसरे पर ईंट-पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। दो घंटे तक चले इस झगड़े में आसपास दुकानें चलाने वाले और रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। इसके पश्चात किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो मौके पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों को शांत कराया और कार्रवाई के लिए संजीद और लड़की के पिता को थाने ले गई। ऐसे में डेहा समुदाय के लोगों ने अपने रिश्तेदारों को भी इसकी सूचना दे दी और रादौर छोटा बांस से समुदाय के प्रधान जोगेंद्र और इंद्री से डेहा समुदाय के प्रधान कूकी राम मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक विवाद को लेकर डेहा समुदाय के लोगों की थाना परिसर में ही पंचायत जारी थी और किसी भी प्रकार का कोई फैसला नहीं हुआ था। लाडवा थाना प्रभारी कमलदीप राणा ने बताया कि दोनों समुदायों का आपसी विवाद है और फिलहाल किसी भी व्यक्ति की तरफ से कोई शिकायत नहीं आई है। समुदाय की पंचायत के बाद कार्रवाई के लिए कहा जाएगा तो वह कार्रवाई अवश्य करेंगे।
ये हुए घायल
भिड़ंत में दोनों गुटों के धनवंती, गुलजारा, सोमपाल, राकेश, सलिंद्र और शैलेंद्र का चोटें आईं हैं।