कलायत। निर्मल भारत अभियान के तहत खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के सामुदायिक हाल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर में पंचायती राज के अधिकारी व कर्मचारियों के अलावा, खंड के बीआरसी, स्वच्छता दूत व ग्राम सचिव तथा मोटिवेटरों ने भाग लिया। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कैथल की ओर से पंचायती विभाग ट्रिब्यूनल चंडीगढ़ से आए प्रशिक्षक नरेश कुमार व प्रवीण कुमार ने लोगों को स्वच्छता बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गांव में जब तक स्वच्छता नहीं होगी तब तक गंभीर रोग पनपते रहेंगे। उन्होंने कहा कि गंभीर रोगों का जनक स्वच्छता नहीं होना है। स्वच्छता अपनाने के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है। मनुष्य के जीवन में पानी की एक एक बूंद अत्यंत बहुमूल्य है। पानी की बर्बादी को रोकने के लिए भी हमें लोगों को जागरूक करना होगा। शिविर के दौरान उन्होंने पूर्ण रूप से स्वच्छता अपनाने व पानी का अधिक दोहन रोकने व उसे किस प्रकार से बचाया जा सकता है इसके बारे विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर बीडीपीओ शशी रानी, सुनील शर्मा, मनोज कुमार, बलजीत चौपड़ा, के अलावा खंड के सभी ग्राम सचिव व प्रेरक मौजूद थे।