करनाल। सीआईए वन पुलिस ने तीन बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 25 चोरीशुदा बाइक बरामद की है। पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को भी काबू किया है। इनकी निशानदेही पर यह वाहन बरामद हुए। अब तक यह पुलिस की वाहन चोरों को पकड़ने में सबसे बड़ी उपलब्धि है।
सीआईए प्रभारी विरेंद्र राणा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक चोरी की बाइक बेचने की फिराक में मार्केट में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने 28 सितंबर को मार्केट में घूम रहे कर्मबीर और देवेंद्र वासी लक्ष्मीपुरा जिला प्रबुद्धनगर यूपी को एक बाइक समेत काबू किया। दोनों को अदालत में पेश कर 6 अक्तूबर तक रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान दोनों ने बताया कि उन्होंने नौ मोटर साइकिल चोरी की वारदाताें को अंजाम दिया है। आरोपियों ने रिमांड के दौरान बताया है कि ये मोटर साइकिलें थाना सिविल लाईन करनाल व थाना शहर करनाल के एरिया से चोरी की थी।
अगले ही दिन दो ओर काबू किए
पुलिस ने ठीक एक दिन बाद 29 सितंबर को फिर से दो युवकों सोनू वासी लक्ष्मीपुरा जिला प्रबुद्धनगर उतरप्रदेश और शिव कुमार उर्फ काला वासी डिपो इंद्री को करनाल मेरठ रोड से काबू किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकारा की उन्होंने 10 बाइक चोरी की हैं। दोनों ने बताया कि उन्होंने यह बाइक इंद्री और घरौंडा इलाके से चोरी की थी। इसके अलावा एंटी आटो स्टाफ करनाल द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर करनाल मेरठ रोड से बलसिहं उर्फ बल्ली वासी कलसौरा को चोरी की मोटरसाइकिल सहित 3 अक्तूबर को काबू किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। रिमांड में आरोपियों ने कबूल किया हैं कि उसने अपने साथियाें के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदाताें को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बल सिंह के साथी रिंकू वासी कलसौरा को 4 अक्तूबर को काबू व विक्की वासी सुनेहड़ी को छह अक्तूबर को काबू किया गया। तीनों आरोपियों से पुलिस को पांच बाइक बरामद हुई है।