संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध असलहा रखने के 74 मामलों में 92 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि मार्च माह में संपत्ति विरुद्ध अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए 21 मामलों में 26 आरोपियों को काबू करके 12 लाख 89 हजार रुपये मूल्य की चोरीशुदा जन संपत्ति बरामद की गई।
मादक पदार्थ तस्करी करने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत 8 मामले दर्ज किए गए और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 2.084 किलोग्राम चूरा पोस्त, 1.940 किलोग्राम गांजा, 1.083 किग्रा अफीम और 68.222 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। मार्च में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 34 मामलों में 34 आरोपी गिरफ्तार हुए, जिनके कब्जे से 409 बोतल देशी, 503 बोतल हथकढ़ी शराब और 4742 लीटर लाहण बरामद किया गया।
अवैध असलहा रखने वाले अपराधियों पर भी कार्रवाई करते हुए पांच मामलों में 12 आरोपियों को काबू करके सात अवैध देसी पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद किए गए। जुआ/सट्टा अधिनियम के 6 मामलों में 6 आरोपियों को काबू किया गया और उनके पास से 12,980 रुपये बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त फरवरी में पुलिस ने 26 बेलजंपर और 12 पी.ओ. आरोपियों को भी काबू किया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का प्रथम दायित्व आमजन की जान-माल की सुरक्षा करना है। जिला पुलिस अमन-चैन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अराजक अपराधियों, शराब, नशा और असला तस्करों के खिलाफ उच्च मनोबल के साथ कर्तव्य पालन कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।