अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने आगामी सोमवार को सीएम कैंप का घेराव करने का ऐलान कर दिया है। यह निर्णय एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल के 19वें दिन शनिवार को लिया है। हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
हड़ताल की अध्यक्षता प्रधान संजीव कुमार ने की। साथ ही मंच संचालन गोपाल शर्मा ने किया। हड़ताल के 19वें दिन एनएचएम कर्मचारियों ने डीसी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारी 5 फरवरी से अब तक लगातार हड़ताल पर चल रहे हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। अधिकारियों के इस कर्मचारी विरोधी रवैये के कारण जिला स्तर पर अधिकारी कर्मचारियों का शोषण करते हुए सेवा बर्खास्त कर रहे हैं। उनके द्वारा एक साल में करीब दस बार अधिकारियों से मांगों को लेकर बातचीत की जा चुकी है। लेकिन हर बार सरकार द्वारा केवल आश्वासन ही प्राप्त हुए है।
यदि रविवार तक भी सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं होती तो सोमवार को समस्त हरियाणा के एनएचएम कर्मचारी करनाल जिले में सीएम आवास का घेराव करेंगे। इस मौके पर संजीव कुमार, इंदु खुराना, सुमन, रेनू, रीतु, सुनीता, अनीता, देवीदत्त आदि मौजूद रहे। बता दें कि अब तक कुल 312 एनएचएम कर्मचारियों में से 299 लोगों को हटाने का नोटिस जारी किया जा चुका है।