अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। आरएस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह मनाया गया। स्कूल के प्रबंधक रघुबिंद्र सिंह विर्क ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। छात्र पारस सचदेवा को 12वीं कक्षा में मेडिकल में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्कूल की ओर से 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। विद्यालय की वालीबॉल टीम को 10 हजार, बास्केटबाल टीम को 10 हजार व क्रिकेट टीम को 20 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। रघुबिंद्र सिंह विर्क ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ क्रीड़ा व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं जरूरी हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर विद्यालय सचिव रघुजीत सिंह विर्क, निदेशक, प्रिंसिपल, अध्यापक व अभिभावक मौजूद रहे।