अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। कर्ण स्टेडियम में शनिवार को जिला कुमारी और जिला केसरी के रोचक मुकाबले हुए। जिला कुमारी गांव बड़ौता गांव की सृष्टि बनी, जबकि, प्रियता दूसरे स्थान पर रही। इसी प्रकार जिला केसरी का खिताब बड़ौता की शिवानी और गुरुकुल मोरमाजरा की बबली ने हासिल किया। जिला केसरी पुरुष में सांभली का अनुज रहा। अनुज ने करनाल के सुरजीत को पराजित किया। इसी प्रकार, जिला कुमार गगसीना के राकेश रहे, उसने बल्ला के सचिन को हराया।
मुकाबलों के दौरान अंडर-17, अंडर-21 और इससे ऊपर के वजन के करीब 200 पहलवानों ने हिस्सा लिया। शुक्रवार को 19 वेट के मुकाबले करवाए गए थे। 78 पहलवानों को 78,000 रुपये का पहला ईनाम (महिला-पुरुष), 58,500 रुपये का दूसरा ईनाम (महिला-पुरुष) वितरित किया गया, जबकि जिला कुमार और केसरी दंगल जीतने वाले पहलवानों को 40,800 रुपये का नकद ईनाम दिया गया। महिला वर्ग में जिला केसरी में 62 किलो ग्राम वजन से ऊपर और जिला केसरी के लिए 55 से 62 किलोग्राम वजन की पहलवानों ने भाग लिया। इसी तरह, पुरुष जिला केसरी में 74 किलोग्राम वजन से ऊपर, जबकि जिला कुमार 62 से 74 किलोग्राम वजन के पहलवानों ने हिस्सा लिया। मुख्यातिथि के तौर पर एशियार्ड कबड्डी गोल्ड मेडलिस्ट जसमेर ने शिरकत की, जबकि कोच तेजबीर मान, जुडो कोच ऋतुमान, गुरुकुल मोरमाजरा कोच पूनम ने खिलाड़ियों के मुकाबले करवाए। विशेषतौर पर साइकिलिंग कोच ओंकार सिंह, एथलीट कोच ऋषि कुमार, हॉकी कोच सुरेंद्र कुमार सहित स्टेडियम स्टाफ मौजूद रहे। मुकाबले के दौरान पुलवामा में शहीदों की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यकारी खेल अधिकारी बबीता भारद्वाज ने बताया कि खिलाड़ियों का कैश अवार्ड उनके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किया जाएगा। खेल विभाग के इस तरह के आयोजनों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ता है।