लूट की वारदातों से गुस्साए व्यापारी, बदमाश नहीं पकड़े तो देंगे धरना
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शहर में दिन प्रतिदिन चोरी, लूट, स्नेचिंग जैसी घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस इन घटनाओं को रोकने में असमर्थ साबित हो रही है। बदमाश दिन दहाड़े इन घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। इससे यह भी साबित हो रहा है कि बदमाशों को पुलिस का कोई डर नहीं है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं, पुलिस शहर में हर चौक पर पुलिस कर्मचारी तैनात रहने व निरंतर गस्त करने का दावा करती है। लेकिन फिर भी बदमाश इन घटनाओं को बड़ी आसानी से अंजाम देते हैं और फरार हो जाते हैं।
शुक्रवार की रात को सेक्टर-13 में अरोड़ा कंफेसरी के मालिक अशोक अरोड़ा से बंदूक की नोक पर दो लाख रुपये की लूट करने के मामले में शनिवार को शहर के सभी व्यापारी एकत्रित हुए और उन्होंने शहर में बढ़े रहे क्राइम पर चिंता जताई। इस दौरान एकत्रित हुए व्यापारियों ने सीएम सिटी में रोजाना हो रही वारदातों पर रोष जाहिर किया और पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। व्यापारियों ने चेताया कि अगर जल्द ही आरोपी नहीं पकड़े गए तो वे धरना देने को मजबूर होंगे। व्यापारी नेता कृष्ण लाल तनेजा ने बताया कि इस वारदात को लेकर उनकी एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा से बात हुई है और एसपी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लेगी। व्यापारियों की बैठक में हरियाणा व्यापार मंडल इकाई करनाल के चेयरमैन कैलाश चंद्र गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष महेश भाटिया, जिलाध्यक्ष कृष्ण लाल तनेजा, डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के प्रधान हुकम चंद मुंजाल, उपप्रधान धर्मेंद्र मलिक, सुरेंद्र नारंग, दीपक नारंग, भारत अरोड़ा, अशोक अरोड़ा, पंकज अरोड़ा, बृज मोहन, लवीन जी, अमित खुराना, बलविन्द्र, कर्मचन्द अरोड़ा, परमिन्द्र सिंह, अनिल ठकराल, राम कुमार बंसल, अजय बंसल, नन्द किशोर, अशोक आहुजा, संजीव जैन, राजेश सिंधवानी आदि उपस्थित रहे।
............................................................
सोमवार को मिलेगें एसपी से
व्यापार मंडल हरियाणा ईकाई के जिला प्रधान कृष्ण लाल तनेजा ने कहा कि व्यापारियों के साथ हो रही घटनाओं को लेकर सभी व्यापार मंडल के सदस्य सोमवार को एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा से मिलेंगे। साथ ही जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके नुकसान की भरपाई की मांग करेंगे और भविष्य में उनके साथ ऐसी कोई घटना न हो उसके लिए भी सुरक्षा की मांग करेंगे। अगर पुलिस द्वारा आरोपियों को पकड़ कर उनके नुकसान की भरपाई नहीं कराई गई तो वह बाजार बंद करके धरने पर बैठने से पीछे नहीं हटेंगे।