ट्यूशन जाते समय 13 वर्षीय किशोरी को कुत्ते ने काटा
अमर उजाला ब्यूरो
तरावड़ी।
कस्बे में पिछले कई दिनों से आवारा कुत्तों के आतंक से लोग परेशान है। कुत्तों के काटने से दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं। मंगलवार शाम को भी डेयरी मोहल्ला में एक 13 वर्षीय छात्रा मंशू को ट्यूशन जाते समय कुत्ते ने काट लिया। छात्रा को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। कुत्तों के इस आतंक से स्थानीय लोगों में जहां दहशत बनी है। वहीं नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी फिलहाल कुंभकर्णी नींद सोये हैं। स्थानीय निवासी सुरेश रावल, पिंकू, अमित कुमार, रोहित, भारत, अनिल ने बताया कि आवारा कुत्तों की समस्या पिछले एक महीने से चली आ रही है। डेयरी मोहल्ला, भाटिया कॉलोनी में कई बार कुत्तों के काटने से लोग घायल हो चुके हैं। लोग इसकी शिकायत नगरपालिका अधिकारियों को कई बार कर चुके हैं। लेकिन अधिकारियों की ओर से इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।