राशन वितरण प्रणाली में कोताही नहीं करेंगे बर्दाश्त : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
सार्वजनिक जन वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य की दुकानों पर नजर रखने और उचित वितरण के लिए जिला स्तरीय निगरानी एवं सतर्कता कमेटी अध्यक्ष और उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने बुधवार को लघु सचिवालय में कमेटी सदस्यों की मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि राशन की गुणवत्ता और उचित वितरण पर कड़ी नजर रखें, कहीं पर भी गड़बड़ नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, उन्हें किसी भी सुरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा सार्वजनिक जन वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य की दुकानों पर उचित वितरण के लिए ब्लॉक और जिला स्तर पर निगरानी/सतर्कता कमेटियों का गठन किया गया है। यह निगरानी कमेटी प्रतिमास प्राप्त होने वाले राशन व डिपोधारकों के राशन वितरण की जांच करेगी। उन्होंने जिला की जिला स्तरीय कमेटी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस कमेटी के सदस्य अतिरिक्त उपायुक्त निशांत कुमार यादव तथा सामाजिक महिला कार्यकर्ता डबरी गांव की सरपंच, करनाल से सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पीएस पंवार शामिल है।
इसके अलावा इस समिति में राशन कार्ड धारकों में से सांभली गांव के अमरजीत सिंह, रसुलपुर खुर्द की शीला देवी, गांव ब्याना की लीलावती, लालूपुरा के विरम पाल, वार्ड नंबर 4 असंध से राजेश कुमार, गांव डबरी कलां से कृष्णा तथा गांव कोयर से पुन्ना राम, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत करनाल के प्रतिनिधि परमानंद खुराना, बेल कंपनी प्रतिनिधि संदीप कुमार शामिल है और कांफैड के डीएम एवं डीएफएससी अनिल कुमार सदस्य सचिव हैं। बैठक में कमेटी के उक्त सभी सदस्य तथा खाद्य आपूर्ति विभाग की सब इंस्पेक्टर डिंपल रानी भी उपस्थित थे।
कमेटी के लिए चार सदस्य किए नामित
उपायुक्त डा. आदित्य दहिया की अध्यक्षता में सार्वजनिक जन वितरण प्रणाली के तहत गठित जिला स्तरीय निगरानी एवं सतर्कता कमेटी द्वारा बुधवार को इस कमेटी के लिए चार सदस्यों को नामित किया गया है। इनमें ऊंचा समाना गांव के सरपंच निशांत राणा, उड़ाना के सरपंच सुरेंद्र कुमार, नगर पार्षद सुजाता अरोड़ा और शीला देवी शामिल है। जिला स्तरीय निगरानी कमेटी के सदस्यों ने बैठक के बाद बुधवार को ही खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ खाद्य आपूर्ति विभाग के मेरठ रोड स्थित गोदामों का निरीक्षण किया और राशन की गुणवत्ता की जांच की।