अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ ने यूपी, पंजाब व कैथल में डोडा पोस्त सप्लाई करने वाले तीन आरोपियों को डोडा पोस्त की एक बड़ी खेफ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने डोडा पोस्त के 24 कट्टे नग्ला मेघा के समीप डेरा गोविंद गांव के खेतों में पराली में छिपाए हुए थे। इन कट्टों में से 360 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है। अभी इन आरोपियों के तीन और साथी फरार हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 6 दिन के रिमांड पर लिया है। इस दौरान पुलिस आरोपियों को मध्यप्रदेश लेकर जाएगी और इनके साथियों के बारे में पता लगाएगी। यह जानकारी एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने की प्रेसवार्ता के दौरान दी। एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि डिटेक्टिव स्टाफ करनाल के इंचार्ज इंस्पेक्टर वीरेंद्र राणा अपनी टीम के साथ मेरठ रोड पर आवर्धन नहर पुल के पास गश्त कर रहे थे। उसी समय उन्हें गुप्त नशा तस्करों के संबंध में सूचना मिली कि 6 व्यक्ति नशा तस्करी का काम कर रहे हैं, जो आज ही नशे की बड़ी खेप मध्यप्रदेश से लेकर आए हैं और डेरा गोविंद पुरा में एक ट्यूबवेल के पास खेतों में लगे पराली के ढेर में दबाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर वीरेंद्र राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां पराली के ढेर में 24 कट्टे बरामद किए, जिनमें 360 किलोग्राम डोडा पोस्त भरा हुआ था। इस दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी सिंगारा सिंह वासी नहर कॉलोनी चीका जिला कैथल, बलराज सिंह वासी कलवेड़ी करनाल, दिलबाग सिंह वासी खरका जिला कैथल को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों से पूछताछ में पता चला ही उनके साथ विक्रम वासी डेरा गोविंदपुरा गांव नग्ला मेघा जिला करनाल, गुरदयाल सिंह उर्फ हरदयाल सिंह वासी गली नंबर-17 कर्ण विहार करनाल, सुखा सिंह वासी माजरी थाना गुल्ला जिला कैथल भी है। ये सभी मध्य प्रदेश कि मंदसौर जिले से डोडा पोस्त लेकर आते थे और वह यूपी-पंजाब व कैथल में सप्लाई करते थे। इनमें से आरोपी सिंगरा के खिलाफ चीका में पहले भी मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।