माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/निंसिंग। एक बच्ची सहित परिवार के तीन सदस्यों को अमेरिका भेजने के नाम पर 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पंजाब के मानसा निवासी दो सगे भाइयों और पलवल के एजेंट पर निसिंग थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में निसिंग की दर्शन कॉलोनी निवासी चरणजीत कौर ने बताया कि वे बूटीक चलाती हैं। उनके पति जगजीत सिंह अमेरिका में सेटल होना चाहते थे। उन्हें पता चला कि पंजाब के मानसा निवासी दो भाई गुरमुख सिंह और सुरमुख सिंह व पलवल के अमरीक सिंह विदेश भेजने का काम करते है। वे और उनके पति दोनों से अगस्त 2023 में मिले। तीनों ने विश्वास दिलाया कि वे इन्हें परिवार सहित भारत से ही पीआर करवाकर अमेरिका में भेज देंगे। 80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
80 प्रतिशत राशि एडवांस और शेष रकम अमेरिका की पीआर होने के बाद देना तय हुआ। ऐसे में अलग-अलग ट्रांजेशन में कुल 70 लाख रुपये आरोपियों ने ले लिए। अभी तक न तो आरोपियों ने विदेश भेजा और न ही अमेरिका की पीआर दिलाई।
जब भी उन्हें कॉल किया तो झूठा आश्वासन देते रहे और अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि इनके खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के केस दर्ज हैं और जाली कागजात पर भेजे गए बच्चे डिपोर्ट होकर भारत आ चुके हैं।