करनाल। रविवार देर रात आए तेज तूफान और बारिश के बाद बिजली आपूर्ति बाधित होने से पूरे जिले में शिकायतों की बाढ़ आ गई। बिजली वितरण निगम लिमिटेड के आंकड़ों के अनुसार कुल 666 शिकायतें दर्ज की गईं। ये शिकायतें मुख्य रूप से रविवार देर रात से सोमवार दोपहर तक प्राप्त हुईं।
सबसे अधिक शिकायतें मेरठ रोड सबडिवीजन से 117 दर्ज की गईं। इसके बाद मॉडल टाउन (109), निसिंग (93) और सब-अर्बन करनाल (92) क्षेत्र प्रमुख रहे। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लाइनों में फॉल्ट, ट्रांसफार्मर खराबी और आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें सामने आईं।
करनाल सिटी, रामनगर, नेवल, घरौंडा सिटी, असंध और नीलोखेड़ी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिजली गुल रहने की सूचना दी। अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने बताया कि अधिकांश शिकायतों का निस्तारण युद्ध स्तर पर किया गया है और फील्ड टीमें लगातार सक्रिय हैं।