चीनी मिल सर्वे कर बढ़ाएगी 10 प्रतिशत बॉन्डिंग
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
शुगर मिल के एमडी प्रद्युमन सिंह ने गन्ना उत्पादकों को आश्वासन दिया है कि फरवरी में सर्वे करने के बाद किसानों की गन्ना खरीदने की क्षमता 10 प्रतिशत और बढ़ा दी जाएगी। किसानों का बचा हुआ गन्ना यमुनानगर और भादसों की शुगर मिल द्वारा खरीदे जाने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए सहकारी चीनी मिल करनाल से कैन मैनेजर यमुनानगर और भादसों का दौरा करेंगे। शुगर मिल के एमडी ने भाकियू के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत में यह जानकारी दी।
इससे पहले चीनी मिल में किसानों की पंचायत हुई और किसानों ने एमडी का आभार जताया। जानकारी मुताबिक समय पर चीनी मिल के चलने से किसान खुश दिखाई दिए। पंचायत की अध्यक्षता भाकियू के प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह सांगवान ने की। इस मौके पर किसानों ने कहा कि किसानों की बॉन्डिंग क्षमता को 10 प्रतिशत अधिक बढ़ाया जाए। जिन किसानों का गन्ना बचा हुआ है, उनके गन्ने को भादसों और यमुनानगर चीनी मिलों को दिया जाए।
किसानों ने मांग की कि एमडी उनकी मांगों पर विचार कर निर्णय लें। पंचायत के बाद खुद एमडी किसानों के बीच पहुंचे और उन्होंने सभी मांगों को मंजूर करने का भरोसा दिलाया। प्रद्युमन सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ है। वहीं सुरेंद्र सिंह सांगवान ने कहा कि शुगर मिल का नवीनीकरण करने के बाद किसानों को निश्चित ही फायदा होगा। शुगर मिल प्रबंधन समय पर मिल चलाकर अच्छा काम कर रहा है। इस अवसर पर रविंद्र शर्मा, शलिंद्र, रमन गांधी नंबरदार, सर्वजीत सिंह, करण सिंह कालिया, श्रीराम पंडित, ईनाम खान, मुकेश भरतपुर, अशोक कुमार माजरा, महक सिंह बिलौना, समय सिंह ढाकवाला आदि मौजूद रहे।