जाट धर्मशाला में देहरादून के युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
जाट धर्मशाला के एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में देहरादून के युवक का शव मिला है। धर्मशाला प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मॉडल टाउन चौकी प्रभारी चरण सिंह ने बताया कि देहरादून निवासी 28 वर्षीय रितेश टावर लगाने वाली कंपनी में काम करता था। वह दो जनवरी से जाट धर्मशाला में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। उसकी तबीयत खराब थी, इस दौरान उसने शराब का सेवन कर लिया जिस कारण उसकी मौत हो गई। धर्मशाला के कर्मचारी ने जब उसके कमरे का गेट खुलवाने की कोशिश की तो उसने गेट नहीं खोला। इसके बाद घटना की जानकारी धर्मशाला प्रधान को दी, प्रधान ने गेट खुलवाया तो वह कमरे में मृत अवस्था में था। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है, जांच की जा रही है।