26 तक पॉलिथीन मुक्त होंगे जिले के सभी गांव
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
जिले के सभी गांवों को 26 जनवरी तक पॉलिथीन मुक्त करने के लिए एडीसी निशांत कुमार यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सभी खंडों के विकास एवं पंचायत अधिकारी, पंचायती राज उपमंडल अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनआरएलएम तथा एसबीएम शामिल हुए। बैठक के दौरान एडीसी यादव ने सभी बीडीपीओ को 10, 11 और 12 जनवरी को सभी सरपंचों तथा पंचायत समिति के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक योजनाबद्ध तरीके से इस अभियान को हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार अमलीजामा पहनाया जाए। इसके साथ-साथ उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास विभाग को सभी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी वर्करों तथा हेल्पर को पूरे सहयोग देने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अगर खंड स्तर पर कोई पंचायत इस संदर्भ में उत्कृष्ट कार्य करती है तो उसे सम्मानित भी किया जाएगा। एडीसी यादव ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य गांवों की गलियों, नालियों से पॉलिथीन को हटाना है। इसके साथ ही भविष्य में इस स्थिति को बरकरार रखना है। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों की सहमति से जिला के सभी गांवों को जल्द पॉलिथीन मुक्त बनाएं रखने के लिए सप्ताह में एक दिन तय किया जाएगा। ताकि पॉलिथीन का दुरुपयोग न हो तथा गांवों को साफ एवं स्वच्छ बनाया जा सके।