आठ माह बीते, एक भी वेलफेयर एसोसिएशन का नहीं हुआ गठन
अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा। प्रदेश सरकार ने अवैध कालोनी में विकास कार्य करवाने के लिए रेजिडेंस वेल्फेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) बनाने के निर्देश दे चुकी है, लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद भी अभी तक शहर में किसी भी कालोनी की एसोसिएशन का गठन नहीं हुआ। जिस कारण अवैध कालोनियां आज भी विकास कार्यों की बाट जोह रही है। कालोनियों के वैध न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
नगरपालिका ने शहर की अवैध कालोनियों को वैध करवाने के लिए 21 कालोनियों का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा था, लेकिन सरकार ने अवैध कालोनियों को वैध करने के लिए आरडब्ल्युए का गठन कर बैंक में खाता खुलवाकर उसमें विकास शुल्क जमा करवाने के लिए निर्देश जारी किए थे। हालांकि, अभी तक विकास शुल्क की दर फाइनल नहीं हुई है। सरकार ने दिसंबर माह में अवैध कालोनियों में आरडब्ल्यूए बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आठ माह बीत चुके है और आज तक किसी भी कालोनी में आरडब्ल्यूए का गठन नहीं हो पाया है। इससे स्पष्ट है कि सरकार की इस नीति के प्रति अवैध कालोनी वासियों की कोई रूचि नहीं है। शहर के लोग काफी लंबे अरसे से अवैध कालोनियों में विकास कार्यों की बाट जोह रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने इनकी फरियाद पर कोई गौर नहीं किया है। कालोनियां वैध न होने के कारण लोगों को विकास कार्यों के लिए तरसना पड़ रहा है। कालोनि वासियों का कहना है कि सरकार अवैध कालोनियों को वैध करने के लिए केवल आश्वासन दे रही है, लेकिन आश्वासनों पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई अमल में नही लाई जा रही है। अवैध कालोनियों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि अवैध कालोनियों को शीघ्र ही वैध करवाए, ताकि कालोनी में विकास कार्य हो और लोगों को राहत मिले। इस बारे में नपा सचिव रविप्रकाश शर्मा ने बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार अवैध कालोनियों में विकास कार्यो के लिए आरडब्ल्यूए बनाए जाने के निर्देश दिए थे और पार्षदों को इस बारे में जागरूक भी किया गया था, लेकिन 21 कालोनियों में से 7 कालोनियों के पार्षदों ने एसोसिएशन की लिस्ट बनाकर दी है, लेकिन अभी तक किसी भी कालोनी ने आरडब्ल्यूए का रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया।
ये हैं शहर की अवैध कालोनियां
वीर कालोनी, आर्य स्कूल कालोनी, ऋषिकूल स्कूल कालोनी, कर्ण विहार कालोनी, बालाजी कालोनी, आर्य नगर एक्सटेंशन, ख्ुाराना कालोनी, विग कालोनी एक्सटेंशन, रघुबीर विहार कालोनी, टेक्कू कालोनी, पासी कालोनी, भटठा कालोनी, दुर्गा कालोनी, कर्मबीर कालोनी, जैल सिंह कालोनी एक्सटेंशन, नसीब बिहार कालोनी, शिव कालोनी, गुरूकुल कालोनी, राणा बाग कालोनी, टावर कालोनी, अशोक नगर।