करनाल। नव-नियुक्त उपायुक्त डॉ आदित्य दहिया अपना कार्यभार संभालते ही वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में मीडिया से रूबरू हुए और कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, मीडिया के सहयोग से जिला के लोगों को अच्छा सुशासन देने में प्रशासन पहले भी कामयाब रहा है और आगे भी बेहतर कामयाबी के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासात्मक कार्यों का लाभ आम जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता है तथा सरकार के सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दे जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। इन सभी कार्यों को प्रशासन एक मिशन के रूप में पूरा करेगा। कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज बनना जिला वासियों के लिए एक गौरव की बात है। नए संस्थान में व्यवस्था को और बेहतर ढंग से व्यवस्थित किया जाएगा। वहीं आवारा पशुओं के सवाल पर डीसी डॉ दहिया ने कहा कि आवारा पशु प्रबंधन को लेकर प्रशासन द्वारा काफी अच्छा कार्य किया गया है, जिला में तीन नन्दीशालाएं बन चुकी हैं तथा शेष पर कार्य जारी है। बिजली विभाग के संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को बिजली बिल के भुगतान करने तथा बिल में त्रुटि को ठीक करवाने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना ना करना पड़े। डीसी ने कहा कि नगरनिगम की कमिश्नर को भी निर्देश दिए जाएंगे कि सभी प्रोजेक्टों को तेज गति से पूरा करवाएं और मीडिया की ओर से जो मुद्दे संज्ञान में लाए जाएंगे उन पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटर की स्थापना भी जल्द करवाई जाएगी।