करनाल। मुगल कैनाल स्थित आर्चिश गिफ्ट गैलरी का ताला तोड़कर चोर बिना चोरी किए वापस लौट गए। चोरों ने दुकान में रखी इंवर्टर की बैटरी को उल्टा कर दिया। इससे सारा तेजाब फर्श पर फैल गया। जब सुबह चाय की दुकान संचालक ने ताला खुला हुआ देखा तो उसने इसी सूचना दुकान के मालिक को दी। मालिक ने तुरंत पुुलिस को बुलाया। मुगल कैनाल स्थित 20 नंबर दुकान की पहली मंजिल पर आर्चिश गिफ्ट गैलरी है। वीरवार अलसुबह चोरों ने दुकान का ताला तोड़ा। चोर ने दुकान के अंदर लगे दो सीसीटीवी कैमरों को पहले ऊपर किया। ताकि उसकी फोटो कैमरों में न आए। चोर ने दुकान में कांच के ज्यादा गिफ्ट होने के कारण कुछ भी चोरी नहीं किया। चोर दुुकान में सुबह चार बजे के बाद चोरी के प्रयास से घुसे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है।