- परिणाम जारी, 3234 में से 1028 विद्यार्थी पास, इनमें 605 लड़कियां
- अब 28 को होने वाली दूसरे चरण की तैयारी में जुटे, सफल हुए तो मिलेगी मुफ्त कोचिंग
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शिक्षा विभाग के विशेष कार्यक्रम मिशन बुनियाद के पहले चरण का परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। इस परीक्षा परिणाम में बेटियों ने ही सफलता के झंडे गाड़े हैं। पास हुए विद्यार्थियों में 59 प्रतिशत बेटियां हैं। ऐसे में मुफ्त कोचिंग पाने में बेटों के मुकाबले ज्यादा बेटियों का चयन होना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि दूसरे चरण की परीक्षा के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होगी।
जिले से पहले चरण की परीक्षा में 3234 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। ओवरऑल परिणाम पर नजर डालें तो इनमें से महज 31 प्रतिशत यानी 1028 विद्यार्थी सफल हो पाए हैं। इनमें लड़कियों की संख्या 605 और लड़के महज 423 ही हैं। अब ये विद्यार्थी 28 जनवरी को होने वाली दूसरे चरण की परीक्षा में हिस्सा लेंगे। इसके लिए विद्यार्थी तैयारियों में जुट गए हैं। दूसरा चरण पास करने वाले विद्यार्थियों का योजना के तहत निशुल्क कोचिंग के लिए चयन किया जाएगा।
नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ दीपक वर्मा के अनुसार, बुनियाद योजना के तहत कक्षा नौवीं में पढ़ने वाले परीक्षार्थी चयनित होने पर दो साल के निशुल्क एनटीएसई, किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना व कक्षा 10वीं तक की प्रतियोगिताओं के लिए निशुल्क तैयारी करेंगे। विकल्प फाउंडेशन की ओर से विशेष शिक्षक इन विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाएंगे। करनाल में पांच केंद्र संचालित हैं। चयनित विद्यार्थियों के लिए पठन-पाठन सामग्री वर्दी यातायात सुविधाएं इत्यादि का प्रबंध विभाग की ओर से किया जाएगा।
अव्वल तीनों विद्यार्थी प्रदेश में भी छाये
जारी हुए परिणाम में खास बात यह भी है कि जिले में टॉप-3 पर आए विद्यार्थियों में दो बेटियां हैं। पहले स्थान पर मंगलपुर स्कूल के सचिन आए हैं तो दूसरे पर अलावला की नीतू और अरड़ाना की लक्ष्मी तीसरे स्थान पर आई है। वहीं प्रदेश स्तरीय रैंक पर नजर डालें तो तीनों विद्यार्थी प्रदेश में भी छाए हैं। सचिन प्रदेश में 46वें, नीतू 72वें और लक्ष्मी 101वें रैंक पर है। इसी तरह जिले में टॉप-3 स्कूलों में मंगलपुर स्कूल के सबसे ज्यादा 18 विद्यार्थी परीक्षा में पास हुए हैं।
-
किस खंड से कितने विद्यार्थियों ने पाई सफलता
खंड
कुल लड़कियां लड़के
असंध
182
110
72
घरौंडा
156
90
66
इंद्री
141
79
62
करनाल
273
165
108
नीलोखेड़ी
143
90
53
निसिंग
133
71
62
-
टॉप-3 विद्यार्थियों में भी दो बेटियां
स्थान
नाम
स्कूल
स्टेट रैंक
प्रथम
सचिन जीएसएसएस मंगलपुर
46
द्वितीय
नीतू
जीएचएस अलावला
72
तृतीय
लक्ष्मी जीएमएस अरड़ाना
101
-
ये हैं टॉप-3 स्कूल
स्थान
स्कूल
कुल विद्यार्थी
छात्र
प्रथम जीएसएसएस मंगलपुर
18
13
द्वितीय जीएमएसएसएस निसिंग
15
06
तृतीय जीजीएसएसएस घरौंडा
13
13
तृतीय जीएसएसएस कोहंड
13
08
बुनियाद पहले चरण के परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। जो विद्यार्थी पहले चरण में पास हुए हैं, वे अब दूसरे चरण की परीक्षा में हिस्सा लेंगे। यह परीक्षा 28 जनवरी को होनी प्रस्तावित है।
- सुदेश ठुकराल, जिला शिक्षा अधिकारी