संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। विदेश से लोहे के स्क्रैप व फर्नेस ऑयल का निर्यात करने के नाम पर दो भाइयों ने एक व्यापारी से 56.50 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दिनेश केशवानी व उसके भाई जय प्रकाश निवासी किशनगढ़ जिला अजमेर राजस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-7 निवासी नीरज गुप्ता ने बताया कि वे व्यापारी हैं। उनकी फर्म श्री विनायका राइस टेक्नो सौंकड़ा रोड तरावड़ी में है। वे भारत के अन्य राज्यों व विदेशों से आयात और निर्यात का काम भी करते हैं। जनवरी 2021 में उन्हें जय प्रकाश केशवानी का फोन आया था। उसने बताया था कि उनका भाई दिनेश केशवानी भारत से गुयाना में आयात-निर्यात का काम करता है। उसने अपनी कंपनी का भी नाम बताया। जिसका कार्यालय किशनगढ़, राजस्थान में है और एक कार्यालय गुयाना में है। उसने कहा कि लोहे का स्क्रैप, फर्नेस ऑयल की सप्लाई वह भारत में भी दे सकता है।
अप्रैल 2021 में उन्हें लोहे का स्क्रैप व फर्नेस ऑयल लेना था तो इसको लेकर आरोपियों से बात की। उन्होंने कहा कि एडवांस टोकन मनी जमा करा दें। उन्होंने 49 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद उन्होंने लोहे के स्क्रैप के लिए दो अलग-अलग तारीखों में 25 हजार डॉलर आरोपियों को दे दिए जो कि भारत की करेंसी में 19.50 लाख रुपये बनते हैं। इसके बाद फर्नेस ऑयल की डील हुई। इसके लिए उन्होंने दो अन्य फर्म के खातों से 48600 डॉलर आरोपियों को भेज दिए जो कि 36.50 लाख रुपये बनते हैं। आरोपियों को उन्होंने कुल 56.50 लाख रुपये दिए। दोनों आरोपी माल आने का आश्वासन देते रहे लेकिन अब तक उनका सामान नहीं आया। न ही रुपये वापस कर रहे हैं। आरोपी अब उन्हें धमकी दे रहे हैं।