अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। एसवाईएल को लेकर इनेलो का जेल भरो आंदोलन एक रैली में बदल रहा। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ कार्यक्रम दोपहर तीन बजे तक समाप्त हो गया। मंच पर बैठे नेता और पंडाल में बैठे कार्यकर्ताओं को एसडीएम व ड्यूटि मजिस्ट्रेट द्वारा वहीं से गिरफ्तार किया और वहीं पर छोड़ दिया गया। न तो तरीके से किसी को गिरफ्तार किया गया और न ही किसी को जेल भेजा गया। हां, पूरे कार्यक्रम के दौरान इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने चुनावी वादों की रेल जरूर चलाई। चौटाला पूरी तरह से चुनावी मूड में नजर आए और एक के बाद एक वादे कर डाले। उन्होंने वादा किया कि गठबंधन की सरकार आने पर बेटी की शादी पर शगुन के तौर पर पांच लाख रुपये और बुुजुर्गों को 2500 रुपये पेंशन देने का वादा किया। इसके साथ ही बिजली का बिल आधा करने व किसानों के कर्ज को माफ किया जाएगा। उधर, जिला प्रशासन की ओर से लघु सचिवालय के सामने केवल पुलिस की गाड़ियां खड़ी रही, सुरक्षा को लेकर भी कोई खास बंदोबस्त नजर नहीं आएं।
भाजपा पर बोला हमला, झूट के दम पर बहका रही सरकार
सेक्टर- 12 में अभय चौटाला और बसपा नेताओं ने विशाल रैली को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने झूठे वायदे कर देश और प्रदेश में सत्ता हथियाने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक के बाद एक बड़े-बड़े झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया है। भाजपा ने चुनाव के समय कहा था कि एसवाईएल का पानी पंजाब से हरियाणा लाया जाएगा। सत्ता हाथ लगते ही भाजपा नेता पानी लाने के वादे को भूल गए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भाजपा सरकार ने पंजाब से हरियाणा का पानी लाने की हिम्मत नहीं की। अब इनेलो ने एसवाईएल का पानी हरियाणा में लाने का बीड़ा उठाया है। हरियाणा के लाखों किसान इस संघर्ष में इनेलो के साथ खड़े हैं। अभय चौटाला ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने काला धन विदेशों से वापस लाने का दावा किया था और कहा था कि काला धन देश मेें आने के बाद हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपये आएंगे। मगर आज तक जन धन योजना के खाते खाली पड़े हैं। स्वामीनाथन की रिपोर्ट लागू नहीं की गई, जिससे किसान ाुद को ठगा सा महसूस कर रहा है। मजबूरी में किसान आत्महत्या करने का कदम उठा रहे हैं। भाजपा सरकार ने युवाओं से भी धोखा किया। दो करोड़ लोगों को नौकरी देने का वादा किया गया, लेकिन अब नौकरियां छीनने का काम भाजपा सरकार कर रही है। बुजुर्ग पेंशन के लिए भटक रहे हैं। कर्मचारी आए सड़क पर हैं और सरकार को कोसने का काम कर रहे हैं।
ये गठबंधन नहीं रक्षा का बंधन है
चौटाला ने कहा कि इनेलो बसपा का गठबंधन पवित्र गठबंधन है। जब तक हरियाणा में ओमप्रकाश चौटाला को मुख्यमंत्री नहीं बना देते और बहन मायावती को प्रधानमंत्री नहीं बना देते चैन से नहीं बैठेंगे। एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि इस बार गठबंधन नहीं बल्कि ये रक्षा बंधन है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामपाल माजरा व राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस मौके पर रामकुमार कश्यप, जसबीर ढिल्लो, बसपा के हरियाणा व हिमाचल प्रभारी दयाचंद, बृज शर्मा, कलीराम पटवारी, नरेंद्र सांगवान, मामूराम गोंदर, यशवीर राणा, रामदास कर्णवाल, जिला प्रवक्ता हरपाल रोड़, नरिंद्र प्रजापत, रणबीर पाल, कृष्ण कुटेल, अशोक मित्तल, सोहनलाल गुप्ता, मनोज वधवा, धर्मवीर पाढा, इंद्रजीत गोराया, रामकुमार ऐबला, फूल सिंह मंजूरा, रामपाल, रामकुमार वाल्मीकि, सुलतान पाल, जगमोहन, मुकेश ग्रोवर, सतीश पाल, महिला प्रदेश अध्यक्ष शीला भयाणा, संतोष यादव, प्रकाश कौर, जसमेर बड़थल, हरि सिंह, महिंद्र कारसा व जगरूप संधु सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।