डाकघर की छत से सोलर प्लेट चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
गांव खोराखेड़ी स्थित डाकघर की छत से सोलर प्लेट चोरी होने का मामला सामने आया है। डाकपाल ने इसकी शिकायत मुनक पुलिस चौकी में की है। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में राहुल निवासी गांव मधार, जिला यमुनानगर ने बताया कि वह गांव खोरा खेड़ी के डाकघर में बतौर डाकपाल के पद पर कार्यरत है। डाकपाल ने बताया कि गांव में डाकघर की छत पर सोलर प्लेट लगी हुई थी। जोकि पांच जनवरी को वहां से चोरी हो गई। अपने स्तर पर कई दिन तक इसकी जांच की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।