कंप्यूटर ऑपरेटरों पर लाठीचार्ज की निंदा
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल।
भारतीय मजदूर संघ ने गत दिवस कच्चे कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज को सर्व कर्मचारी संघ की साजिश बताया है। आरोप है कि सर्व कर्मचारी संघ के लोग पत्थर मार कर वहां से भाग निकले और इसका परिणाम कच्चे कर्मचारियों को भुगतना पड़ा। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों ने अलग से एक प्रदेश स्तरीय संघ बनाकर सर्व कर्मचारी संघ से नाता तोड़ लिया है। संघ के लोगों को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा और इसीलिए कच्चे कर्मचारियों के खिलाफ साजिश रची गई। जंग बहादुर यादव ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले एनएचएम कर्मियों की जीत सर्व कर्मचारी संघ को बर्दाश्त नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि अब कच्चे कर्मचारी सर्व कर्मचारी संघ और कम्युनिस्टों के झांसे में आने वाले नहीं है। बैठक में महेंद्र सिंह नरवाल, बल सिंह, रणवीर सिंह, महेंद्र कुमार, कृष्ण गोपाल, सुरेंद्र दून और विनोद आदि मौजूद रहे।
कच्चा कर्मचारी संघ ने भी बोला सरकार पर हमला, डीसी को ज्ञापन
करनाल। कंप्यूटर प्रोफेशनल कर्मियों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कच्चा कर्मचारी संघ की ओर से डीसी डॉ. आदित्य दहिया को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि सात जनवरी को प्रदेश भर के कंप्यूटर प्रोफेशनल शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज करना व उन्हें गिरफ्तार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। कच्चा कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान सुनील राणा और प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र प्योंत ने कहा कि जिन कर्मचारियों पर मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें सरकार वापस ले। यदि सरकार ने समय रहते कच्चे कर्मचारियों पर हुए मुकदमे वापस नहीं लिए तो 21 जनवरी को करनाल में होने वाले कच्चा कर्मचारियों के महासम्मलेन में प्रदेश के सभी यूनियन प्रतिनिधियों से चर्चा करके बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी। डीसी ने कर्मचारी नेताओं को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा। इस मौके पर राजकुमार, राजेश पाढ़ा, राकेश कुमार, गगन कुमार, सुरेश माजरा, डिंपल, अनिल व पवन आदि उपस्थित थे।