पंप के भरे सैंपल, जांच को भेजे
अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री। गांव बदरपुर के पास स्थित एक पैट्रोल पंप की शिकायत के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने पंप से तेल के सैंपल लिए हैं। साथ ही इनको जांच के लिए लैब में भेज दिया है। मामले के अनुसार, 22 जुलाई को मिलावटी तेल दिए जाने के आरोप में उपभोक्ताओं ने यहां पर हंगामा कर कार्रवाई की मांग की थी। विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में कार्रवाई करने की बजाय मामले को रफादफा कर दिया था। अधिकारियों ने मौके पर जाकर पेट्रोल पंप की जांच की थी, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं की। इस मामले को लेकर इंद्री के उपभोक्ता अमित कुमार ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को जब लिखित में शिकायत की गयी तो विभाग के अधिकारियों ने आनन फानन में पेट्रोल पंप जाकर सैंपल भरे और जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। खाद्य एव आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर रविंदर का कहना है कि ओम साईं राम पैट्रोल पंप के खिलाफ शिकायत मिली थी, शिकायत के आधार पर पेट्रोल पंप के सैंपल भरे गए हैं और जांच के लिए लैब में भेज दिये हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाई की जाऐगी।