करनाल। सेक्टर-12 के पार्ट-2 में अवैध तरीके से बसे लोगों को वहां से निकालने और सेक्टर-14 के पार्ट 2 में बने ईडब्ल्यूएस रिहायशी यूनिट में शिफ्ट करने के लिए हुड्डा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को हुड्डा विभाग के संपदा अधिकारी ने नोटिस जारी कर अवैध तरीके से बसे लोगों को रिहायशी यूनिट हासिल करने के लिए 30 जून तक आवेदन करने का निर्देश दिया है। विभाग की तरफ से यह आखिरी मौका दिया गया है, इसके बाद 27 सितंबर तक सेक्टर-12 में हुए अवैध अतिक्रमण को खत्म कर दिया जाएगा। संपदा अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-12 के पार्ट 2 में 2.69 एकड़ भूमि में कुछ लोग अवैध तरीके से बसे हैं। इन लोगों को वहां से हटाने के लिए हाईकोर्ट के निर्देश पर सेक्टर-14 के पार्ट 2 में सिर्फ इनके लिए ही 264 रिहायशी यूनिट बनाई है, जहां पर इनको शिफ्ट किया जाना है। यहां शिफ्ट होने के लिए लोग 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद अवैध कब्जा हटाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।