मधुबन। मोहिद्दीनपुर गांव के डाकघर में दिनदहाड़े नकाबपोश ने चाकू की नोक पर ब्रांच पोस्टमास्टर अमीषा से 51 हजार रुपये लूट लिए। आरोपी ग्राहक बनकर पोस्ट ऑफिस पहुंचा था। नकदी निकालने की बात कहकर बातचीत शुरू की। महिला पोस्टमास्टर ने कहा कि अभी नकदी नहीं निकल पाएगी तो युवक ने तुरंत चाकू निकाल लिया। सारा कैश बैग सहित लेकर भाग गया।
सूचना पर 112 की टीम और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
वारदात बुधवार दोपहर करीब 1:25 बजे की है। मोहिद्दीनपुर डाकघर में ब्रांच पोस्टमास्टर अमीषा अकेली थीं। इसी दौरान बाइक सवार युवक पहुंचा। डाकघर में दाखिल हुआ। उसने अपना चेहरा कपड़े से ढंका हुआ था। ग्राहक बनकर कैश निकलवाने की बात कही। अमीषा ने बताया कि युवक ने चाकू निकालने के बाद धमकी दी कि जितना भी कैश है, मेरे हवाले कर दो वरना...। उस वक्त डाकघर में कोई और मौजूद नहीं था। वह डर गईं। रुपये एक बैग में डालकर आरोपी को दे दिए। आरोपी ने बैग उठाया और मौके से फरार हो गया। जाते-जाते उसने यह भी पूछा कि क्या और कोई कैश है।
मधुबन डाकघर में जमा होना था कैश
ब्रांच पोस्टमास्टर ने बताया कि बैग में करीब 51 हजार रुपये थे जो दिनभर के लेन-देन के थे। इस नकदी को रोजाना की तरह मधुबन स्थित मुख्य डाकघर में जमा करवाया जाना था। वारदात के तुरंत बाद उन्होंने अपने सीनियर अधिकारियों को सूचित किया। 112 नंबर पर कॉल किया। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और तलाश के लिए डाकघर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।