माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं की सामान्य परीक्षा के साथ कंपार्टमेंट की परीक्षाएं भी आयोजित की गई थीं, जिसमें गत वर्ष या उससे पहले अलग-अलग विषयों में फेल होने वाले विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन इसमें भी कई विद्यार्थी सफल नहीं हो पाए।
जिले में कंपार्टमेंट वाले 50.16 प्रतिशत विद्यार्थी इस बार की परीक्षा में फेल हो गए। महज 49.89 फीसदी विद्याथियों ने कंपार्टमेंट की परीक्षा पास की। खास बात यह है कि यहां लड़कियों से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन लड़कों का रहा। लड़कियों का परीक्षा परिणाम 48.72 प्रतिशत रहा। जबकि लड़कों का परीक्षा परिणाम इससे महज 1.81 प्रतिशत अधिक 50.53 फीसदी रहा।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 439 विद्यार्थियों ने कंपार्टमेंट की परीक्षा दी थी, इसमें से 219 विद्यार्थी ही परीक्षा पास कर पाए हैं, जबकि 220 विद्यार्थी फेल हो गए।
लड़कों में 283 छात्रों में 143 पास हुए, इसी तरह छात्राओं में 156 में से महज 76 को ही सफलता मिली।