- कृषि विभाग दिलाएगा प्रशिक्षण, हरियाणा सरकार वहन करेगी फीस
- 13 जून तक कृषि विभाग के पोर्टल पर करना होगा आवेदन
- करनाल जिले से 43 युवा किसान लिए जाएंगे, आठ दिन का होगा प्रशिक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा सरकार राज्य के 500 किसानों को निशुल्क ड्रोन पायलट प्रशिक्षण दिलाएगी। ये प्रशिक्षण आठ दिन का होगा। इसमें छह दिन का प्रशिक्षण करनाल में स्थापित देश के पहले सरकारी रिमोट पायलट ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (आरपीटीओ) में होगा, जिसे ड्रोन इमेजिंग एंड इंफार्मेशन सर्विस ऑफ हरियाणा लिमिटेड (दृष्या) करनाल द्वारा संचालित किया जा रहा है।
दो दिन का प्रशिक्षण उद्यान प्रशिक्षण संस्थान करनाल में दिया जाएगा। इसके लिए कृषि एवं कल्याण विभाग की ओर से 13 जून तक आवेदन मांगे हैं। इसके लिए इच्छुक युवा किसानों को विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
बता दें कि हरियाणा सरकार की ओर से करनाल के फूसगढ़ के सामुदायिक केंद्र में देश का पहला सरकारी आरपीटीओ स्थापित किया गया। जिसमें सबसे पहले हरियाणा राज्य के 500 किसानों को ड्रोन पायलट बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आरपीटीओ बनकर तैयार है। अब सिर्फ कृषि एवं कल्याण विभाग की ओर से प्रशिक्षण के लिए आवेदकों को भेजे जाने का इंतजार है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. आदित्य प्रताप डबास ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से वर्ष 2023-24 के लिए 18 से 45 आयु वर्ग तक के किसानों और बेरोजगार युवाओं को ड्रोन पायलट बनाने के लिए प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। जिसके लिए 13 जून तक विभागीय पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रशिक्षण कुल आठ दिन का होगा। आगे आने वाला समय ड्रोन आधारित खेती है, इसलिए विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन पायलट की मांग बढ़ रही है। आधुनिक खेती करने में भी ये प्रशिक्षण बड़ा मददगार साबित होगा।
ये है ड्रोन पायलट की योग्यता
. किसान/युवा की उम्र 18 से 45 वर्ष तक होनी चाहिए, जिसके 25 नंबर निर्धारित किए गए हैं।
. अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता कम से कम 10वीं पास होनी चाहिए, इसके लिए 40 नंबर रखे हैं।
. यदि आवेदक के पास कस्टम हायरिंग सेंटर/एफपीओ के अनुभव हैं तो 10 नंबर अतिरिक्त मिलेंगे।
. आवेदक को कृषि कार्य का अनुभव है तो उसके लिए चार श्रेणियां बनाई गईं हैं, जिसमें कुल 25 नंबर रखे गए हैं।
. आवेदक के पास पीपीपी आई-डी और वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।
ऐसे करें आवेदन
ड्रोन पायलट के लिए निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए इच्छुक किसान/युवा आवेदक को 13 जून तक विभागीय पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर आनॅलाइन आवेदन करना होगा।
इस संबंध में यदि किसी को अधिक जानकारी चाहिए तो वह कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 या अपने गांव के कृषि विकास अधिकारी/खंड कृषि अधिकारी/उपमंडल कृषि अधिकारी/सहायक कृषि अभियंता/उप कृषिनिदेशक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
किसान और युवा अवसर का उठाएं लाभ
ड्रोन पायलट प्रशिक्षण हरियाणा के 500 किसानों, युवा बेरोजगारों को निशुल्क दिलाया जाएगा। इसमें करनाल के 43 किसानों व युवाओं को शामिल किया जाएगा। 13 जून तक आने वाले आवेदनों में से बैच बनाकर उन्हें प्रशिक्षण के लिए आरपीटीओ दृष्या भेजा जाएगा। ये हरियाणा सरकार का किसान हित मे बड़ा कदम है। किसानों, बेरोजगार युवाओं को इस निशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठाना चाहिए।
डॉ. आदित्य प्रताप डबास, उपनिदेशक (कृषि) करनाल
- दृष्या के आरपीटीओ में ड्रोन पायलट प्रशिक्षण की फीस तो 30 हजार रुपये और जीएसटी अतिरिक्त यानी करीब 35 हजार रुपये है लेकिन पहले 500 प्रशिणार्थियों की जिनकी लिस्ट हरियाणा सरकार का कृषि एवं किसान कल्याण विभाग देगा, उनकी फीस को हरियाणा सरकार वहन करेगी, इसलिए आवेदकों के लिए ये निशुल्क रहेगा।
- फूल कुमार, डिप्टी सीईओ आरपीटीओ दृश्या करनाल।