माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पधाना गांव निवासी मंदीप से टेलीग्राम एप के जरिये ऑनलाइन नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 50 हजार रुपये ठग लिए। शुरुआत में ठगों ने युवक को झांसे में लेने के लिए कुछ रकम खाते में भेजी, ताकि उसका भरोसा जीता जा सके। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मंदीप कुमार ने बताया कि 18 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर टेलीग्राम एप से एक मैसेज आया। मैसेज भेजने वाली महिला ने खुद को एकता शर्मा बताया और कहा कि वह एक कंपनी से जुड़ी हैं जो लोगों को ऑनलाइन जॉब ऑफर करती हैं। महिला ने मंदीप को स्कॉट डन नाम का एक लिंक भेजा और कहा कि इस वेबसाइट पर टास्क पूरा करने पर कमीशन मिलेगा। मंदीप ने लिंक खोलकर पहला टास्क पूरा किया, जिसके बाद उसके बैंक खाते में 819 रुपये आ गए। इसके बाद उसने दूसरा टास्क किया तो 24,873 रुपये का भुगतान किया गया। पैसे आने से उसका विश्वास बढ़ गया।
इसके बाद ठगों ने मंदीप को तीसरे टास्क के लिए पैसे निवेश करने को कहा। महिला ने दो अलग-अलग बैंक खाता नंबर दिए। एक बैंक ऑफ इंडिया और दूसरा कैनरा बैंक का। मंदीप ने ठगों के कहे अनुसार 30 हजार रुपये बैंक ऑफ इंडिया खाते में और 20 हजार रुपये कैनरा बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने संपर्क बनाए रखा लेकिन रुपये वापस नहीं किए। जब मंदीप ने निवेश की रकम मांगी तो कहा गया कि पहले और पैसे लगाओ, तभी पुरानी रकम वापस मिलेगी। इसके बाद मंदीप को ठगी का पता चला। मंदीप ने ठगों के साथ हुई सारी चैट, लेनदेन के स्क्रीनशॉट और बैंक ट्रांजेक्शन की कॉपियां साइबर थाना पुलिस को देकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर 50 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का केस दर्ज कर लिया है।
अज्ञात लिंक या मैसेज पर न करें भरोसा
साइबर थाना पुलिस प्रभारी संजय ने बताया कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोग नौकरी, निवेश या इनाम के नाम पर आने वाले अज्ञात लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या व्यक्ति से लेन-देन से पहले उसकी कंपनी की प्रामाणिकता और बैंक डिटेल्स की जांच करें।